बंगाल में बने सिस्टम से छत्तीसगढ़ में बारिश का अलर्ट, दो दिन 40-50 किमी रफ्तार से हवा चलेगी, बिजली गिरेगी

पश्चिम बंगाल में बने सिस्टम के असर से छत्तीसगढ़ का मौसम बदला हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आज (सोमवार) और कल (मंगलवार) कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिली. कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा भी दर्ज की गई. जगदलपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.9°C रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.2°C दर्ज किया गया. देश में अगले 3 दिनों तक अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. इसके बाद तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है. प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है. वर्षा के प्रमुख आंकड़ों में पौड़ी उपरोरा में 1 सेमी वर्षा दर्ज की गई है.प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. अगले दो दिनों के बाद भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहने की संभावना है. साथ ही गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं का दौर भी जारी रह सकता है.