श्रीलंका से भारत तैरकर आया बेंगलुरु का ये कपल, 32 किलोमीटर का रास्ता किया 10 घंटे में पूरा
समंदर को अक्सर लोग दूर से निहारना ही पसंद करते हैं। उसकी लहरों की ताकत से हर कोई कांपता है, इसमें उतरने की हिम्मत हर किसी में नहीं होती। मगर कुछ लोग ऐसे होते हैं, जो सिर्फ सपने नहीं देखते, उन्हें सच करने के लिए लहरों से भी टकरा जाते हैं। बेंगलुरु के दानिश अब्दी और वृषाली प्रसाद ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया, जिसने हर किसी को चौंका दिया। इस साहसी कपल ने श्रीलंका से भारत तक फैली करीब 32 किलोमीटर की समुद्री दूरी को तैरकर पार कर लिया। यह सफर आसान नहीं था, तेज धाराएं, उठती-गिरती लहरें और शरीर को तोड़ देने वाली थकान के बीच उन्होंने 10 घंटे 45 मिनट तक लगातार पानी में खुद को बनाए रखा। यह केवल एक तैराकी नहीं, बल्कि जज्बे और जुनून की असली परीक्षा थी, जिसे उन्होंने शानदार तरीके से पास किया। दानिश और वृषाली ने अपनी यह चुनौती श्रीलंका के तलाईमन्नार से शुरू की और भारत के धनुषकोडी तक इसे पूरा किया। खास बात यह रही कि उनका यह रूट ऐतिहासिक राम सेतु के आसपास से होकर गुजरा, जो भारत और श्रीलंका के बीच गहरे सांस्कृतिक रिश्तों का प्रतीक माना जाता है। ऐसे में उनकी यह यात्रा सिर्फ खेल नहीं, बल्कि इतिहास और परंपरा से जुड़ी एक खास कहानी भी बन गई।
खुले समुद्र में तैरना किसी स्विमिंग पूल या प्रतियोगिता जैसा बिल्कुल नहीं होता। यहां हर पल हालात बदल सकते हैं, कभी लहरें उफान पर होती हैं, तो कभी धाराएं दिशा बदल देती हैं। ऐसे में लगातार घंटों तक तैरते रहना मानसिक और शारीरिक दोनों तरह से बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। लेकिन इस कपल ने हर मुश्किल का डटकर सामना किया और बिना रुके अपनी मंजिल तक पहुंच गए।
इस पूरे सफर के दौरान उनके साथ एक सपोर्ट टीम, पैरामेडिक्स और तटरक्षक दल मौजूद था, जो हर पल उनकी सुरक्षा पर नजर रखे हुए थे। जब वे आखिरकार तट पर पहुंचे, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस उपलब्धि को साझा करते हुए मजाकिया अंदाज में लिखा कि अब वे घंटों बिना अलार्म के सोना चाहते हैं।
उनकी इस कामयाबी को सोशल मीडिया पर जबरदस्त सराहना मिली। लोगों ने इसे साहस और समर्पण की मिसाल बताया, तो कईयों ने इसे लगभग नामुमकिन करार दिया। यह पहल मणिपाल हॉस्पिटल्स के सहयोग से आयोजित की गई थी। दानिश और वृषाली की यह उपलब्धि सिखाती है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो कोई भी लहर रास्ता नहीं रोक सकती।
