बेंगलुरु लगातार दूसरे IPL के फाइनल में, क्वालिफायर-1 में गुजरात को 92 रन से हराया, पाटीदार के नाबाद 93 रन

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु लगातार दूसरे सीजन IPL के फाइनल में पहुंच गई है। टीम ने मंगलवार को क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को 92 रन से हरा दिया। अब गुजरात एलिमिनेटर मुकाबला जीतने वाली टीम से क्वालिफायर-2 खेलेगी। एलिमिनेटर सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच बुधवार को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा।
बेंगलुरु ने धर्मशाला में टॉस हारकर 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 254 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम 19.3 ओवर में 162 रन पर ऑलआउट हो गई। 255 रन के टारगेट का पीछा करते हुए गुजरात की शुरुआत बेहद खराब रही। साई सुदर्शन 14 रन बनाकर हिट-विकेट आउट हुए, जबकि कप्तान शुभमन गिल सिर्फ 2 रन ही बना सके। जोश बटलर ने 11 गेंदों में 29 रन की पारी खेलकर उम्मीद जगाई, लेकिन जोश हेडलवुड ने उन्हें बोल्ड कर दिया। गुजरात ने 51 रन तक पहुंचने में अपने 5 विकेट गंवा दिए।

एक छोर पर राहुल तेवतिया ने अकेले स्ट्रगल किया और 43 गेंदों में 68 रन की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। बेंगलुरु के लिए डफी ने 3 विकेट लिए, जबकि क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर और रसिख सलाम ने 2-2 विकेट झटके।

वेंकटेश अय्यर ने 7 गेंदों में 19 रन बनाकर बेंगलुरु को तेज शुरुआत दिलाई। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने पारी संभाली। कोहली ने 25 गेंदों में 43 और पडिक्कल ने 19 गेंदों पर 30 रन बनाए। दोनों के आउट होने के बाद कप्तान रजत पाटीदार ने 33 गेंदों में नाबाद 93 रन ठोके। उनकी पारी में 5 चौके और 9 छक्के रहे।

पाटीदार और क्रुणाल पंड्या के बीच चौथे विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी हुई। क्रुणाल ने 28 गेंदों में 43 रन बनाए। उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाए। आखिरी ओवरों में जितेश शर्मा ने 5 गेंदों पर 15 रन बनाकर टीम को 250 के पार पहुंचाया। गुजरात के लिए कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने 2-2 विकेट लिए।