IPL 2026 में बेंगलुरु की पांचवीं जीत, गुजरात को 5 विकेट से हराया, कोहली ने 81 रन बनाए
IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपनी पांचवीं जीत के साथ गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हरा दिया। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 206 रन का लक्ष्य बेंगलुरु ने 18.5 ओवर में 5 विकेट पर हासिल किया। विराट कोहली ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 30 गेंदों पर अपनी 66वीं IPL फिफ्टी पूरी की। उन्होंने 81 रन बनाए। देवदत्त पडीक्कल ने 20 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। उन्होंने 55 रन की पारी खेली। इससे पहले सीजन के 34वें मुकाबले में बेंगलुरु ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। गुजरात टाइटंस ने साई सुदर्शन के शानदार शतक की बदौलत 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 205 रन बनाए। सुदर्शन ने 58 गेंदों पर 100 रन बनाए। यह उनका तीसरा IPL शतक रहा।
विराट कोहली ने इस मैच में दो रिकॉर्ड बनाए। वे IPL में 800 चौके पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बने। साथ ही टूर्नामेंट में 300 छक्के लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज भी बन गए। उनसे पहले रोहित शर्मा और क्रिस गेल यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
बेंगलुरु 7 मैचों में 5 जीत और 10 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गई। वहीं गुजरात 7 मैचों में 3 जीत और 6 अंकों के साथ सातवें स्थान पर है। टीम को अपने बचे हुए 7 मैचों में कम से कम 6 जीत हासिल करनी होंगी, ताकि टीम 16 या 14 अंकों तक पहुंच सके।
