बेन स्टोक्स ने रचा इंग्लैंड का वनडे इतिहास, व्यक्तिगत 182 रन की पारी खेली

खेल

इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने से चूक गए। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ लंदन के द ओवल मैदान पर 182 रन की पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 15 चौके और 9 छक्के लगाए। यह इंग्लैंड के वनडे इतिहास का सबसे व्यक्तिगत स्कोर है। स्टोक्स से पहले जेसन रॉय ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2018 में 180 रन बनाए थे।

लंदन के केनिंग्टन ओवल मैदान पर न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग चुनी। इंग्लैंड टीम पहले बैटिंग करते हुए 48.1 ओवर 368 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। न्यूजीलैंड से ट्रेंट बोल्ट ने 5 विकेट लिए। जवाब में न्यूजीलैंड टीम 187 रन बनाकर ढेर हो गई और 181 रन से मुकाबला गंवा दिया। 4 मैचों की सीरीज में इंग्लैंड 2-1 से आगे है। चौथा वनडे 15 सितंबर को खेला जाएगा।

इंग्लैंड के 6 में से 5 टॉप स्कोर 2015 के बाद बने
बेन स्टोक्स ने 182 रन बनाकर इंग्लैंड के लिए सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड खड़ा किया। उन्होंने जेसन रॉय का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2018 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 180 रन बनाए थे।

इंग्लैंड के टॉप-6 में 5 स्कोर 2015 वनडे वर्ल्ड कप के बाद बने हैं। इस वर्ल्ड कप में इंग्लैंड टीम ग्रुप स्टेज में बांग्लादेश से हारने के बाद बाहर हो गई थी। टॉप-6 स्कोर में नंबर-4 पर मौजूद रॉबिन स्मिथ ने 1993 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 167* रन बनाए हैं।

टॉप वनडे स्कोर से बहुत पीछे रहे स्टोक्स

स्टोक्स अगर पूरे 50 ओवर तक बैटिंग करते तो इंग्लैंड के लिए दोहरा शतक भी लगा देते। वह ऐसा करने वाले इंग्लैंड के पहले और दुनिया के 9वें खिलाड़ी बनते। वनडे में अब तक 4 देशों के 8 खिलाड़ियों ने 10 डबल सेंचुरी लगाई हैं। भारत के रोहित शर्मा के नाम 3 दोहरे शतक हैं। उन्होंने 2014 में श्रीलंका के खिलाफ 264 रन बनाए थे। ये वनडे इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है।

रोहित के अलावा भारत से 4 और खिलाड़ियों ने भी वनडे में डबल सेंचुरी लगाने का कारनामा किया है। इनमें सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, शुभमन गिल और ईशान किशन शामिल हैं।

दूसरे देशों में पाकिस्तान के फखर जमान (210* रन), वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (215 रन) और न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल (237* रन) ने भी वनडे में दोहरा शतक लगाने का कारनामा किया है।