भोपाल में लगातार दूसरे दिन रात में लू चली, प्रयागराज-अकोला में पारा 45°C, कई शहरों में सड़कों पर पानी छिड़काव

देश के कई हिस्सों में लू का असर तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सबसे ज्यादा तापमान 45.2°C दर्ज किया गया। वहीं महाराष्ट्र के अकोला में पारा 45°C, अमरावती में 44.8°C रहा। उत्तर-पश्चिम, उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत के 5 राज्यों के 14 शहरों में पारा 44°C के पार जा चुका है। इनमें वाराणसी, बांदा, रोहतक, झारसुगुड़ा, टिटलागढ़, अकोला, अमरावती, वर्धा, चंद्रपुर, यवतमाल, बाड़मेर, हमीरपुर, आगरा और राजनांदगांव शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के 60 जिलों में लू का रेड अलर्ट है। ओडिशा के झारसुगुड़ा में लगातार दूसरे दिन तापमान 44.8°C रहा।

मध्य प्रदेश के 11 जिलों में लू का अलर्ट है। पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के तीन जिलों में हीटवेव चल रही है। यहां ऊना का तापमान 41.1°C पहुंच गया है।

तेज गर्मी के कारण राज्य सरकारों के फैसले

उत्तर प्रदेश के आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में दोपहर 12 से 4 बजे मजदूरों के काम पर रोक लगा दी गई है।
ओडिशा में 18 शहरों में पारा 40°C पार कर गया है। सरकार सोमवार से राज्य के सभी स्कूल बंद करने की घोषणा की है।
केरल में सीएम ने लोगों से दिन में 11 से 3 बजे के बीच बाहर न निकलने की सलाह दी है। उन्होंने सेल्फ लॉकडाउन को अपनाने के लिए कहा है।
कर्नाटक सरकार ने सभी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक यूनिट बनाने का आदेश दिया है। ये सभी यूनिट 31 जुलाई तक चालू रखी जाएंगी।
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में स्कूलों की छुट्‌टी कर दी गई है।

अगले 2 दिन के मौसम का हाल

26 अप्रैल:

छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में हीटवेव चलने की संभावना है।
आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गुजरात, ओडिशा और तमिलनाडु में गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है।
27 अप्रैल:

बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में हीटवेव चलेगी। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, ओडिशा और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गर्म रातें रहने की भी आशंका है।
आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, गुजरात, गोवा, ओडिशा और तमिलनाडु में बहुत ज्यादा गर्म और उमस भरा मौसम हो सकता है।