मध्यप्रदेश : गरबा आयोजनों पर भोपाल सांसद आलोक शर्मा का बयान… “लव जिहादियों की खैर नहीं”

मध्यप्रदेश : भोपाल में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक में सांसद आलोक शर्मा ने गरबा आयोजनों को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने समुदाय और संप्रदाय के त्योहार मनाने चाहिए। सांसद ने चेतावनी दी कि अब “लव जिहादी” कलावा बांधकर या टीका लगाकर गरबा आयोजनों में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा, “हिंदू जाग गया है। अब कोई लव जिहाद करके दिखाए, मोहन यादव की सरकार में लव जिहादियों की खैर नहीं।” सांसद ने यह भी जोड़ा कि गरबा आयोजनों में केवल हिंदुओं और सनातनियों को ही शामिल होना चाहिए, क्योंकि “एक व्यक्ति लव जिहाद करता है तो पूरा परिवार भुगतता है।”

बैठक में सांसद आलोक शर्मा और विधायक भगवानदास सबनानी ने कई मुद्दों पर नाराजगी जताई। स्मार्ट मीटर, अधूरे आवास और सड़कों की स्थिति पर चर्चा के दौरान दोनों नेताओं ने अधिकारियों से जवाब मांगा। सांसद ने शहर में चल रही सिटी बसों की कम संख्या पर हैरानी जताई। उन्होंने बताया कि 370 बसों में से केवल 95 ही संचालित हो रही हैं। सांसद ने सवाल किया, “किस ऑपरेटर की कितनी बसें चल रही हैं? यह स्पष्ट करें। इतनी संख्या में बसें क्यों बंद हुईं?” उन्होंने जोर देकर कहा कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ाना चाहिए, न कि घटाना। विधायक सबनानी ने भी इस मुद्दे पर सहमति जताई।

सांसद शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसी सप्ताह बैठक कर इन समस्याओं का समाधान निकाला जाए। उन्होंने कहा, “जनता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।” इसके अलावा, बैठक में हमीदिया हॉस्पिटल के सामने के रास्ते को वन-वे करने पर सहमति बनी। इस प्रस्ताव पर सांसद, विधायक, महापौर और अन्य जनप्रतिनिधियों ने एकमत होकर कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।