चेपॉक स्टेडियम में होगा बिग बैश का ओपनिंग मैच, PM मोदी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे में ऐलान किया

चेन्नई का एम.ए. चिदंबरम (चेपॉक) स्टेडियम ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL-16) के ओपनिंग मैच की मेजबानी करेगा। यह पहला मौका है, जब भारत किसी विदेशी क्रिकेट लीग का मैच होस्ट करने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया दौरे के तीसरे दिन यह ऐलान किया है। PM मोदी शुक्रवार 10 जुलाई को ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पहुंचे। इस दौरान ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ, पूर्व महिला क्रिकेटर लीसा स्टाल्कर भी मौजूद रहे।

मोदी के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 2026-27 सीजन का शेड्यूल जारी किया। इसके अनुसार BBL-16 का ओपनिंग मैच 12 दिसंबर को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में मेलबर्न रेनेगेड्स और मौजूदा चैंपियन पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच होगा। रेनेगेड्स इस मैच में होस्ट टीम होगी। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 2:40 बजे शुरू होगा।

इसके अलावा, बिग बैश लीग के इतिहास में पहली बार कोई मैच ऑस्ट्रेलिया के बाहर होगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इसे दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट बाजार भारत में अपनी पहुंच बढ़ाने और लीग को वैश्विक पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम मान रही है।

ऑस्ट्रेलिया में इसका सीधा प्रसारण चैनल सेवन, 7प्लस, कायो स्पोर्ट्स और फॉक्स क्रिकेट पर होगा, जबकि भारत में जियोस्टार इसका प्रसारण करेगा।

BBL के भारत में आयोजन की तैयारी कई महीने पहले ही शुरू हो गई थी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने IPL 2026 के दौरान चेपॉक स्टेडियम का दौरा किया था। टीम ने स्टेडियम की सुविधाओं, पिच, लॉजिस्टिक्स और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इस दौरान BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास और तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (TNCA) के अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन पर चर्चा की गई। इसी दौरे के बाद दिसंबर में BBL का उद्घाटन मुकाबला चेन्नई में कराने की योजना को अंतिम रूप दिया गया।