कोई हथकड़ी में तो कोई दीवार फांदकर बिहार इंटर एग्जाम देने पहुंचा ! वायरल हो गए वीडियो
बिहार में 12वीं बोर्ड की परीक्षा शुरू हो चुकी है. इसके साथ ही सोशल मीडिया पर एग्जाम ऐसे जुड़े वीडियो वायरल होने लगे हैं, जिसे देखकर कोई भी चौंक जाए. सबसे ज्यादा वीडियो वैसे सेंटर्स से वायरल हो रहे हैं, जहां समय की पाबंदी की वजह से परीक्षार्थियों को एग्जमिनेशन हॉल में घुसने ही नहीं दिया गया. ऐसे में कुछ छात्र-छात्राओं ने अंदर जाने के ऐसा तरीका आजमाया जिसे देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे. सोशल मीडिया पर ऐसे कई सारे वीडियो वायरल हो रहे हैं, जो इंटर की परीक्षा से जुड़े बताए जा रहे हैं. कहीं कोई दीवार फांदता दिखाई दे रहा है, तो कहीं भीड़ अफसरों को घेरकर करियर बर्बाद होने की दुहाई देती दिखाई दे रही है. किसी सेंटर के बाहर लाठी चार्ज हो रहा है तो कहीं हिरासत में बंद हाथ में हथकड़ी लगाए परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे दिख रहे हैं. बिहार के एक सेंटर से ऐसा भी वीडियो सामने आया जहां एक छात्रा दीवार फांदकर अंदर जाती दिखाई दी. दावा किया जा रहा है कि ये इस साल के इंटरमीडिएट परीक्षा का वीडियो है. इसे हिलसा स्थित एक परीक्षा केंद्र का बताया जा रहा है. यहां सेंटर का गेट बंद कर दिया गया था.इसके बाद छात्रा दीवीर फांदकर अंदर जाने का प्रयास करती दिखाई दे रही है.
#बिहार #जहानाबाद: जिले के रतनी प्रखंड के शकुराबाद स्थित परीक्षा केंद्र पर न्यायिक हिरासत में बंद दो परीक्षार्थी न्यायालय के आदेश पर हथकड़ी लगाकर इंटरमीडिएट की परीक्षा देने पहुंचे।
रिपोर्ट: आभाष रंजन @airnewsalerts @ddnewsBihar @officialbseb #Bihar #BSEB #BiharBoard pic.twitter.com/XF5Nrb9JaV
— आकाशवाणी समाचार, पटना (@airnews_patna) February 2, 2026
वहीं बिहार के जहानाबाद के रतनी प्रखंड के शकुराबाद के परीक्षा केंद्र का भी एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें न्यायिक हिरासत में बंद दो परीक्षार्थी हाथ में हथकड़ी लगाए परीक्षा देने पहुंचे हुए थे. उनके साथ कुछ पुलिसकर्मी भी थे.
एक वीडियो राजधानी पटना के किसी परीक्षा केंद्र का है, जहां समय सेंटर का गेट बंद हो चुका था और परीक्षार्थी गेट पर चढ़कर अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे. वहीं कुछ छात्राएं रोती और गेट को पीटती नजर आईं. छात्र-छात्राओं का आरोप था कि समय से पहुंचने के बावजूद उन्हें अंदर जाने नहीं दिया गया.
इसी तरह एक और वीडियो वायरल हो रहा है. इसके बारे में दावा किया जा रहा है कि ये भी इस साल के इंटर परीक्षा का है. इसमें एक शिक्षक को गेट से बाहर निकलकर परीक्षार्थियों को धमकाते दिखाया गया है. क्योंकि परीक्षार्थी अंदर जाने की मांग को लेकर गेट पर हंगामा कर रहे थे.
