बिहार : रेड लाइट एरिया में मिलीं छत्तीसगढ़ की 41 नाबालिग लड़कियां, कराया जा रहा था देह व्यापार

राष्ट्रीय

बिहार के रोहतास जिले में मानव तस्करी और देह व्यापार के अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस दौरान छत्तीसगढ़ की 41 नाबालिग लड़कियों को बरामद किया है। इन्हें आक्रेस्ट्रा में नौकरी का लालच देकर ले जाया गया था और 2 साल से देह व्यापार करवाया जा रहा था। पुलिस ने तीन नाबालिग लड़के और 4 दलालों को भी गिरफ्तार किया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। मामले में कुछ सफेदपोशों की भूमिका भी संदिग्ध लग रही है। बिहार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दूसरे प्रदेशों से नाबालिग लड़‌कियों को बुलाकर उन्हें जबरन देह व्यापार में धकेला जा रहा है। इस टिप के आधार पर रोहतास एसपी ने कार्रवाई के लिए एक स्पेशल टीम बनाई थी। जिसका नेतृत्व एसपी ही कर रहे थे। उनके साथ 60 की संख्या में पहुंचे पुलिस बल के जवान और महिला बटालियन की और महिला बटालियन की पुलिसकर्मी छापेमारी दल में शामिल थी। रोहतास के नटवार थाना क्षेत्र में स्पेशल टीम द्वारा दबिश दी गई। बुधवार की रात शुरू हुई छापेमारी सुबह तक चली।

पुलिस जांच में पता चला कि, दलाल ने छत्तीसगढ़ के रायपुर, राजनांदगांव, मुंगेली, बलौदाबाजार, और दुर्ग जिलों से नाबालिग लड़कियों को 30 से 40 हजार की नौकरी और ऑर्केस्ट्रा डांस का लालच देकर बिहार ले गया था। करीब 2 साल से नाबालिग लड़कियों से देह व्यापार करवाया जा रहा था। पुलिस ने मामले में हिरासत में लिए पांच लोगों के मोबाइल जब्त किए हैं। जिनकी जांच की जा रही है रोहतास एसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नटवार थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़कियों को लाकर जबरन गलत काम करवाया जाता है। इसके बाद एक एनजीओ की मदद से छापा मारा गया और सभी को छुड़ाया गया। लड़कियों को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया, जहां उनकी उम्र और अन्य जानकारियां सत्यापित की जा रही हैं।