बिजनौर : शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में लगी आग, 80 यात्रियों में मची अफरातफरी, जल गए बैग

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में शुक्रवार देर रात शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. नगीना रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के एस-6 कोच से धुआं उठने लगा. देखते ही देखते कोच में धुआं भर गया, जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई. ट्रेन रुकने के बाद करीब 80 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इस दौरान कुछ यात्रियों के बैग आग की चपेट में आकर जल गए. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. राहत की बात रही कि हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है.

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात लक्सर से मुरादाबाद की ओर जा रही शहीद एक्सप्रेस के एस-6 स्लीपर कोच में अचानक धुआं उठने लगा. घटना बिजनौर जिले के नगीना रेलवे स्टेशन के पास हुई. धुआं देखकर यात्रियों में दहशत फैल गई. ट्रेन रुकते ही यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इस दौरान कुछ यात्रियों का सामान आग की चपेट में आ गया. हालांकि, सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं.

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे कर्मचारी और पुलिस मौके पर पहुंचे. आग पर काबू पाने के बाद कोच की बिजली आपूर्ति और तारों की जांच की गई. जरूरी मरम्मत के बाद ट्रेन को आगे रवाना करने की अनुमति दी गई. इस घटना के कारण करीब आधे घंटे तक रेल संचालन प्रभावित रहा. स्थिति सामान्य होने के बाद यात्रियों को दोबारा कोच में बैठाया गया. इसके बाद ट्रेन को मुरादाबाद की ओर रवाना किया गया.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कोच में लगे चार्जिंग सॉकेट के पास शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, नगीना जीआरपी प्रभारी राहुल यादव ने बताया कि घटना के बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था. कुछ यात्रियों के बैग जलने से सामान का नुकसान हुआ है. आग लगने के सही कारण का पता जांच के बाद ही चल सकेगा.