ट्रक के कुचलने से बाइक-सवार 3 दोस्तों की मौत, कोरबा में काम पर जा रहे थे, टक्कर के बाद पलटा वाहन
छत्तीसगढ़ के कोरबा में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार 3 युवकों को रौंद दिया, जिसके बाद ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में तीनों युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक के नीचे दबे शवों को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद लेनी पड़ी। घटना पाली थाना क्षेत्र की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा रहे बाइक सवार तीन युवकों को कुचलते हुए पलट गया। हादसा अचानक हुआ जिससे युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिल पाया। वहीं ड्राइवर ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला था जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। मृतकों की पहचान बृजपाल सिंह कंवर (23), मंगल सिंह (25) और ओम प्रकाश के रूप में हुई है, जो पोटापानी गांव के रहने वाले थे। वहीं घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों ने सुबह 10 बजे से चक्काजाम कर दिया था। प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को 1.25-1.25 लाख रुपए मुआवाजे के ऐलान के बाद लोग शांत हुए और जाम हटाया।
जानकारी के मुताबिक बृजपाल सिंह कंवर, मंगल सिंह और ओम प्रकाश दीपका के निजी कंपनी में काम करते थे। बुधवार सुबह तीनों बाइक से काम पर जा रहे थे। इस दौरान नूनेरा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने तीनों को कुचल दिया, जिसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ड्राइवर ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला था। बाद में ट्रक के नीचे दबे शवों को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद ट्रक को हटाया गया।
हादसे के कारण सड़क पर कोयला बिखर गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं थी। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही युवकों के परिजन भी मौके पर पहुंचे। घटना से नाराज परिजन और ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया था। सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया।
लेकिन नाराज परिजन और ग्रामीण मुआवजा और कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। मुआवजा राशि के ऐलान के बाद लोग शांत हुए और जाम हटाया। इसके अलावा युवकों के शवों का पंचनामा पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया है।
