बिलासपुर-एयरपोर्ट से 28 मार्च से उड़ानें हो सकती है बंद, 5 दिन बाद विंटर शेड्यूल खत्म
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट से एलायंस एयर की उड़ानें बंद होने की आशंका है। एयरपोर्ट पर उड़ानों के लिए जारी विंटर शेड्यूल 5 दिनों बाद समाप्त हो जाएगा। ऐसे में अब तक समर शेड्यूल जारी नहीं किया गया है। लिहाजा विंटर शेड्यूल समाप्त होने पर 28 मार्च के बाद उड़ानों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इधर फ्लाइट सुविधा बेहतर तरीके से चले इसके लिए हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने अपने प्रयास शुरू कर दिए हैं। समिति के पदाधिकारी इसके लिए जनप्रतिनिधियों से संपर्क साध रहे हैं। समिति ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक अमर अग्रवाल से चर्चा की है। साथ ही केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के पास पूरी परिस्थितियों की जानकारी भेजी है।
दरअसल एयरलाइंस कंपनियां आमतौर पर हर 6 महीने में विंटर और समर शेड्यूल जारी करती है। वर्तमान में विंटर शेड्यूल 28 मार्च को समाप्त हो रहा है। इसके बाद भी अब तक समर शेड्यूल जारी नहीं किया गया है। ऐसे में 28 मार्च के बाद उड़ानों के संचालन को लेकर एयरपोर्ट प्रबंधन भी स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहा है। लिहाजा उड़ानों को लेकर संशय की स्थिति है। जानकारों का कहना है कि हर बार तय समय पर नया शेड्यूल जारी हो जाता था।
लेकिन इस बार 5 दिन बचे रहने के बावजूद स्थिति स्पष्ट नहीं है। एलायंस एयर के मैनेजर प्रसन्न सोनी का कहना है कि समर शेड्यूल हेड ऑफिस से जारी होगा। शेड्यूल कब जारी होगा और कौन सी उड़ानें संचालित होंगी, यह जानकारी हमें नहीं है।
बताया जा रहा है कि रीवा (मध्यप्रदेश) रूट पर वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) अधिक मिलने से एलायंस एयर का झुकाव वहां बढ़ा है। वहीं बिलासपुर-कोलकाता उड़ान को जबलपुर-कोलकाता रूट से संचालित करने की चर्चा है। इससे बिलासपुर की उड़ानों में कटौती और रूट परिवर्तन होने आशंका है। बता दें कि पहले सप्ताह में 6 दिन चलने वाली उड़ानों को घटाकर 4 दिन कर दिया गया है।
फ्लाइट सुविधा बेहतर तरीके से चले इसके लिए हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने अपने प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसके तहत बिलासपुर के जनप्रतिनिधियों से संपर्क साधा जा रहा है। अभी तक समिति ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक अमर अग्रवाल से चर्चा की है। साथ ही केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के पास पूरी परिस्थितियों की जानकारी भेजी है। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का महा धरना रविवार को भी जारी रहा।
धरने में बद्री यादव, रामशरण यादव, परसराम कैवर्त, ऋषि राज गौत, शिरीष कश्यप, संतोष पीपलवा, देवेंद्र सिंह ठाकुर, संदीप बाजपेई, महेश दुबे टाटा, अनिल गुलहरे, प्रतीक तिवारी, मनोज तिवारी, प्रकाश बहरानी, रमाशंकर बघेल, विजय वर्मा और सुदीप श्रीवास्तव मौजूद रहे। हवाई सुविधा जल संघर्ष समिति ने कहा कि पिछले 4 साल से लगातार एलाइंस एयर की सीमित हवाई सुविधा होने के बावजूद बिलासपुर से करीब 150000 यात्री यात्रा कर चुके हैं। यहां हाईकोर्ट के साथ ही दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और SECL मुख्यालय है।
इतने महत्वपूर्ण जगह जहां पर्याप्त संख्या में यात्री मिल रहे हैं। उस जगह के उड़ानों के बारे में ऐसी अनिश्चित स्थिति लाना एलाइंस एयर के लिए सही नहीं है। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने कहा कि न केवल दिल्ली और प्रयागराज के लिए बिलासपुर से रेगुलर उड़ान दी जाए, बल्कि हैदराबाद के लिए नई उड़ान शुरू करना जरूरी है।
समिति ने एलाइंस एयर को यह भी सुझाव दिया है कि वह अपनी उड़ानों को सुबह और देर शाम शेड्यूल करें, जिससे कि गर्मी के समय में तापमान बढ़ने के बावजूद 72 सीटर विमान में काम सवारी ले जाने की मजबूरी ना आए।
