बिलासपुर : रेलवे स्टेशन के पास ट्रॉली बैग में मिला 10 किलो गोमांस, मां-बेटी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में रेलवे स्टेशन के पास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रॉली बैग में गोमांस ले जा रही दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार की गई महिलाएं मां-बेटी बताई जा रही हैं, जो कथित रूप से लगभग 10 किलो गोमांस लेकर जा रही थीं. इसके बारे में तोरवा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो महिलाएं संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रॉली बैग के जरिए गोमांस परिवहन कर रही है. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर दोनों महिलाओं को रोक लिया. तलाशी लेने पर ट्रॉली बैग के अंदर पॉलीथिन में रखा करीब 10 किलो गोमांस बरामद हुआ है.पुलिस पूछताछ में महिलाओं की पहचान रेहाना परवीन (47) और उसकी बेटी अलीना खान (20) के रूप में हुई है. दोनों से गोमांस रखने और ले जाने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए. लेकिन वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं. इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया.पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
प्रारंभिक पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वे गोमांस रायपुर से बिलासपुर लेकर आई थीं, हालांकि पुलिस इस दावे की पुष्टि करने में जुटी हुई है. इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस पूरे मामले में किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है.घटना की जानकारी मिलते ही कुछ स्थानीय लोग और सामाजिक संगठनों के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए लोगों को शांत कराया और आश्वासन दिया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी.फिलहाल पुलिस जब्त किए गए मांस की जांच करवा रही हैं. दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.इस घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है.पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है.
