बिलासपुर : बारदाना फैक्ट्री में लगी भीषण आग से लाखों का नुकसान, बुझाने में लगे 5 घंटे…

क्षेत्रीय

छत्तीसगढ़ : बिलासपुर के तोरवा स्थित बारदाना फैक्ट्री में रविवार की रात भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 9 गाड़ियां मौके पर पहुंची। करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिसमें 11 ट्रिप पानी सप्लाई की गई। आग से लाखों नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही तोरवा थाने के प्रभारी मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। जब तक ब्रिगेड पहुंचती गोदाम का सारा सामान जल कर खाक हो गया। आग लगने का कारण अज्ञात है। जानकारी के अनुसार देवरीखुर्द क्षेत्र में एक फाल सीलिंग का गोदाम है। रविवार को रात करीब 8 बजे यहां से अचानक आग की लपटें उठने लगीं, जिसे देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा, लोगों ने अपने से आग बुझाने का प्रयास किया, पर कोई फायदा नहीं हुआ। इसी बीच तोरवा पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इस पर थाना प्रभारी राहुल तिवारी स्वयं अपनी टीम के साथ पहुंच गए। साथ ही फायर ब्रिगेड को तत्काल आने कहा।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फॉल सीलिंग के गोदाम में लगी भीषण आग की लपटों की ऊंचाई काफी ज्यादा होने की वजह से हेमूनगर ओवर ब्रिज से आग की लपटें दिखाई दे रही थीं। लोग दहशत में थे। रात करीब 8 बजे आग लग चुकी थी। फायर ब्रिगेड बुलाने पुलिस अधिकारी जुगत लगाते रहे, लेकिन फायर ब्रिगेड काफी देर बाद घटना स्थल पहुंची। इस लापरवाही के कारण स्थानीय लोगों ने निगम के अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। बहरहाल घंटों मशक्कत के बाद रात 12 बजे आग पर काबू पा लिया गया। गोदाम में आग लगने की वजह अज्ञात है। अभी तक यह आंकलन नहीं हो पाया है कि इससे कितना नुकसान हुआ है। पुलिस इसकी जांच में जुटी हुई है।