बिलासपुर में बवाल…हिंदू संगठनों ने घेरा थाना, ठाकुर राम सिंह पर दर्ज FIR का विरोध
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हिंदू संगठन के लोगों ने सरकंडा थाने का घेराव कर दिया। ईरान के सुप्रीम लीडर आयत उल्लाह अली खामेनेई की मौत पर जश्न मनाने और मिठाइयां बांटने के आरोप में हिंदूवादी नेता ठाकुर राम सिंह पर केस दर्ज हुई है। इसके विरोध में हंगामा किया। तनाव के चलते बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। मामला सरकंडा थाने का है। दरअसल, राम सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर मुसलमानों के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उन्हें देशद्रोही बताया था। जिस पर मुस्लिम समाज के लोगों ने नाराजगी जताई। समाज के लोगों ने एसएसपी ऑफिस पहुंचकर ठाकुर राम सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जिस पर पुलिस ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है।
पुलिस की इस कार्रवाई का राम सिंह समेत हिंदूवादी संगठन के लोग सोशल मीडिया पर विरोध करने लगे। अभी यह मामला चल ही रहा था कि हिंदूवादी नेता ने हिंदू नववर्ष शुरू होने से एक दिन पहले यानी बुधवार को सरकंडा थाने में अपनी गिरफ्तारी देने का ऐलान कर दिया। सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राम सिंह ने हिंदू संगठन के लोगों और सनातनियों को एकजूट होने का आह्वान भी किया, जिसके बाद बुधवार को राम सिंह के साथ हिंदूवादी संगठन के लोग बड़ी संख्या में सरकंडा थाना पहुंच गए। इधर, पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट को देखते हुए एक दिन पहले ही अपनी तैयारी पूरी कर ली थी। बुधवार सुबह से सरकंडा थाना परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं, हिंदूवादी संगठन के लोग नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा किया। हालांकि पुलिस ने समझाइश देकर मामला शांत कराया।
दरअसल, बीते 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर आयत उल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इस पर बिलासपुूर में हिंदू संगठन के नेता राम सिंह ठाकुर ने मुस्लिम धर्मगुरु और ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर आयत उल्लाह अली खामेनेई को लेकर सोशल मीडिया पर एक विवादित टिप्पणी पोस्ट की थी। खामेनेई की मौत की खबर आने पर उसने जश्न मनाते हुए मिठाइयां भी बांटी थी।
