बिलासपुर पुलिस ने हुड़दंगी बाइकर्स को डंडे से पीटा, उठक-बैठक कराई, शराब पीकर लोगों को डराते थे
छत्तीसगढ़ की बिलासपुर पुलिस ने हुड़दंग मचाने वाले बदमाशों की अच्छी खातिरदारी की है। 12 मई की रात आरोपियों को पकड़ डंडे से उनकी पिटाई की गई और कान पकड़ कर उठक-बैठक कराया गया। इस दौरान युवक दोबारा गलती नहीं करेंगे कहते नजर आए। इनमें देर रात सड़कों पर दहशत फैलाने वाले, चाकू दिखाकर लोगों को डराने वाले, तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट की बाइक और शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 12 आरोपी शामिल थे। इनकी पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। बता दें कि पिछले डेढ़ महीने में ऐसे ही 513 आसामाजिक तत्वों पर कार्रवाई हुई है।
दरअसल, जिले में बढ़ती चाकूबाजी, असामाजिक गतिविधियों और सार्वजनिक शांति भंग करने की घटनाओं पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इन्हें पकड़ने के लिए लगातार अलग-अलग इलाके में पुलिस छापेमारी कर रही। इस बीच सोमवार (11 मई) की रात एएसपी पंकज पटेल और सीएसपी निमितेश सिंह ने पूरी टीम के साथ हुड़दंगियों को पकड़ा। जांच में कुछ लोगों के पास से हथियार भी बरामद हुए।
सीएसपी ने बताया कि, सिरगिट्टी क्षेत्र के अंडरब्रिज के पास जमावड़ा लगा रहता है, जहां बदमाश शराबखोरी करते हैं। लगातार मिल रही शिकायतों पर अंडरब्रिज के पास नाकेबंदी की गई। अलग-अलग पाइंट पर जवान तैनात किए गए थे। इस कार्रवाई के दौरान 7 बाइक बरामद किया गया। वहीं, 12 युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस को देखकर भाग रहे बदमाशों को दौड़ाकर पकड़ा गया, उनकी डंडें से खातिरदारी की गई। इसके साथ ही कान पकड़कर उठक-बैठक कराया गया।
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अप्रैल 2026 से 12 मई 2026 तक 513 लोगों पर वैधानिक और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस की कार्रवाई मुख्य रूप से चाकू लेकर घूमने वालों, असामाजिक तत्वों और सार्वजनिक स्थानों पर भय का माहौल बनाने वाले लोगों के खिलाफ थी।
