छत्तीसगढ़ : बिलासपुर पहुंचे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, BJP की परिवर्तन यात्रा का करेंगे समापन…

क्षेत्रीय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैलीपैड से साइंस कॉलेज मैदान तक रैली कर रहे हैं। उनके साथ नेताओं का काफिला और बड़ा जनसैलाब मौजूद है। तीन महीने में वे तीसरी बार छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। थोड़ी देर बाद यहां वे भाजपा की ​परिवर्तन यात्रा का समापन करेंगे। साइंस कॉलेज मैदान में उनकी जनसभा होगी। विधानसभा चुनाव के लिहाज से संभाग की 25 सीटों पर उनकी सभा को अहम माना जा रहा है।

मोदी की सभा में एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ जुटने का दावा किया गया है। पांच साल में यह दूसरा मौका है, जब प्रधानमंत्री मोदी बिलासपुर का दौरा कर रहे हैं। इससे पहले साल 2018 में उन्होंने इसी साइंस कॉलेज मैदान में चुनावी सभा ली थी। पीएम के दौरे को लेकर साइंस कॉलेज मैदान को सील कर दिया है। इस मार्ग पर सुबह 10 बजे से छह घंटे तक भारी वाहनों की एंट्री बंद है।

दो परिवर्तन यात्रा का समापन

विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले ही भाजपा ने दो परिवर्तन यात्रा निकाली। दंतेवाड़ा और जशपुर से शुरू हुई यह यात्रा प्रदेश के सभी 90 विधानसभा में पहुंची। दोनों यात्रा का समापन एक साथ 30 सितंबर को बिलासपुर में होगा।

पांच साल बाद दूसरी बार आ रहे पीएम मोदी

पीएम मोदी इससे पहले साल 2018 के विधानसभा चुनाव में बिलासपुर आए थे, तब उन्होंने इसी साइंस कॉलेज मैदान में चुनावी सभा को संबोधित किया था। हालांकि, तब चुनाव में भाजपा को करारी हार मिली थी। फिर भी 14 सीटों पर सिमटी भाजपा को बिलासपुर संभाग की सात सीटों पर जीत की संजीवनी मिली थी।

बिलासपुर छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा संभाग है। यहां 25 विधानसभा सीटें हैं, जो सरकार बनाने और गिराने के लिए अहम है। कांग्रेस के साथ ही भाजपा भी संभाग की 25 सीटों पर पूरी ताकत लगा रही है। इससे पहले रायगढ़ में पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित किया था तो वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जांजगीर में जातिगत समीकरण को देखते हुए सभा ली थी और भरोसे के सम्मेलन में शामिल हुए थे।