बिलासपुर : ट्रांसफार्मर लगाने स्कूली बच्चों को बनाया मजदूर, जान जोखिम में डाली, खिंचवाया रस्सा

छत्तीसगढ़ : बिलासपुर जिले में स्कूली बच्चों से ट्रांसफार्मर लगवाने का काम करवाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में स्कूल के सामने छात्र मजदूरों की तरह रस्सा खींचते नजर आ रहे हैं। तखतपुर विकासखंड के चनाडोंगरी हाईस्कूल का मामला है जिसमें मासूम बच्चे जान जोखिम में डालकर भारी भरकम ट्रांस फॉर्मर रस्सी के जरिए खींचते नजर आ रहे है जिसने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि छोटे-छोटे स्कूली बच्चे जिस भारी-भरकम ट्रांसफार्मर को रस्सी के सहारे खींचते हुए नजर आ रहे हैं। यह ट्रांसफार्मर वजन में इतना भारी है कि इसे खींचना पहलवानों के लिए भी कठिन होता है, लेकिन मासूम बच्चों से यह खतरनाक काम करवाया गया। जिसका वीडियो भी सामने आया गया ।

वीडियो वायरल होते ही स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स में इस कृत्य की जमकर आलोचना की जा रही है । लोगों का कहना है कि यह न सिर्फ बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है, बल्कि यह स्कूल प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों की गंभीर लापरवाही का उदाहरण भी है। ट्रांसफार्मर जैसे बिजली से जुड़े उपकरण किसी भी समय जानलेवा साबित हो सकते हैं। यदि रस्सी टूट जाती या ट्रांसफार्मर बच्चों पर गिर जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने इस घटना की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा न हो।