बिलासपुर-यलहंका साप्ताहिक ट्रेन 26 अगस्त से नियमित चलेगी, बुधवार को रवाना होगी
बिलासपुर से यलहंका (बेंगलुरु) के बीच चल रही साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को अब नियमित कर दिया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए यह फैसला लिया है। पहले यह ट्रेन ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान स्पेशल ट्रेन के रूप में चलाई जा रही थी।
अब गाड़ी संख्या 18261 बिलासपुर-यलहंका साप्ताहिक ट्रेन 26 अगस्त से हर बुधवार बिलासपुर से रवाना होगी। वहीं गाड़ी संख्या 18262 यलहंका-बिलासपुर ट्रेन 27 अगस्त से हर गुरुवार यलहंका से चलेगी।
बिलासपुर से दोपहर 2 बजे रवाना होगी ट्रेन
गाड़ी संख्या 18261 बिलासपुर से प्रत्येक बुधवार को दोपहर 2 बजे रवाना होगी। यह भाटापारा, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़ और गोंदिया होते हुए दक्षिण भारत के प्रमुख स्टेशनों से गुजरेगी।
ट्रेन दूसरे दिन सिकंदराबाद, रायचूर, गुंटकल, अनंतपुर, धर्मवरम और हिंदूपुर होते हुए शाम 7 बजे यलहंका स्टेशन पहुंचेगी। रायपुर 3.35 बजे, दुर्ग 4.25 बजे पहुंचेगी।
बिलासपुर से चलने वाली ट्रेन का छत्तीसगढ़ में प्रमुख स्टेशनों पर समय इस तरह रहेगा
भाटापारा: दोपहर 2.40 बजे
रायपुर: दोपहर 3.35 बजे
दुर्ग: शाम 4.25 बजे
राजनांदगांव: शाम 4.49 बजे
डोंगरगढ़: शाम 5.12 बजे
गोंदिया: शाम 6.15 बजे
इसके बाद ट्रेन वडसा, चांदाफोर्ट, बल्लारशाह, सिरपुर कागजनगर, मंचिर्याल, काजीपेट, चर्लपल्ली और सिकंदराबाद सहित कई स्टेशनों से होकर यलहंका पहुंचेगी।
यलहंका से गुरुवार रात 9.30 बजे चलेगी
वापसी में गाड़ी संख्या 18262 27 अगस्त से प्रत्येक गुरुवार रात 9.30 बजे यलहंका से रवाना होगी। यह हिंदूपुर, धर्मवरम, अनंतपुर, गुंटकल, रायचूर, सिकंदराबाद और बल्लारशाह होते हुए छत्तीसगढ़ पहुंचेगी।
तीसरे दिन सुबह 3.30 बजे पहुंचेगी बिलासपुर
डोंगरगढ़: रात 10.58 बजे
राजनांदगांव: रात 11.25 बजे
दुर्ग: रात 12.20 बजे
रायपुर: रात 1.05 बजे
भाटापारा: रात 2.05 बजे
बिलासपुर: सुबह 3.30 बजे
रेलवे प्रशासन का मानना है कि स्पेशल ट्रेन को नियमित किए जाने से छत्तीसगढ़ से बेंगलुरु और दक्षिण भारत की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
