BIRTHDAY SPECIAL : रणबीर कपूर@44, जूते पहनकर मंदिर जाने पर पिटाई हुई

बॉलीवुड के आला दर्जे के एक्टर माने जाने वाले रणबीर कपूर आज 44 साल के हो चुके हैं। 2007 की फ्लॉप फिल्म ‘सांवरिया’ से करियर शुरू करने वाले रणबीर कपूर ने ‘रॉकस्टार’ में टूटे दिल का दर्द जिया, ‘बर्फी’ में बिना बोले दिल जीत लिया और ‘संजू’ में संजय दत्त को पर्दे पर उतार दिया। ‘एनिमल’ से बॉक्स ऑफिस के रिकॉर्ड तोड़े तो विवादों में भी घिरे। पर्दे के बाहर माता-पिता के तनावपूर्ण रिश्ते, पिता ऋषि कपूर को खोने का दर्द और निजी जिंदगी के उतार-चढ़ाव भी उनकी कहानी का हिस्सा रहे। 19 साल के करियर में 21 फिल्मों के साथ रणबीर अब ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाने जा रहे हैं।

रणबीर कपूर का जन्म 28 सितंबर 1982 को मुंबई में हुआ। वे अभिनेता ऋषि कपूर और नीतू कपूर के बेटे हैं। शोमैन राज कपूर दादा हैं। परिवार की 4 पीढ़ियां हिंदी सिनेमा में पहचान बना चुकी थीं। यूं तो रणबीर कपूर हर ऐशो-आराम में पले बढ़े, लेकिन उनके अपने निजी संघर्ष रहे। रणबीर को नेजल डिविएट सेप्टम नाम की बीमारी हो गई। ये एक रेयर बीमारी है, जिसके चलते उन्हें सांस लेने में तकलीफ होती है और वह जल्दी-जल्दी बोलते हैं।

रणबीर कपूर ने शुरुआती पढ़ाई माहिम के बॉम्बे स्कॉटिश स्कूल से की। एक बार क्लास से भागने की कोशिश करते पकड़े जाने पर उन्हें प्रिंसिपल ने पूरे कॉरिडोर में घुमाकर थप्पड़ मारे थे।
रणबीर कपूर अपनी स्कूल में इसलिए फेमस थे क्योंकि उनके पिता ऋषि कपूर फेमस एक्टर थे। कई बार उन्हें क्लास में सॉफ्ट टार्गेट समझकर जमकर बुली किया जाता था। दूसरे क्लास के बच्चे भी उन्हें परेशान करते थे। ये बात रणबीर ने पॉडकास्ट व्हॉट वीमन वॉन्ट्स में बताई थी।
एक दिन रणबीर कपूर जूते पहनकर घर के मंदिर में घुस आए, जैसे ही ऋषि कपूर ने देखा, तो इस कदर गुस्सा हुए कि सीधे उन्हें थप्पड़ मार दिया।

रणबीर कपूर बचपन में एक्टर संजय दत्त के फैन थे। वो अपने कमरे की अलमारी में संजय दत्त की तस्वीरें छिपाकर रखते थे। जबकि उनकी बहन रिद्धिमा के पास सलमान की तस्वीरें होती थीं। संयोग की बात है कि रणबीर ने संजय दत्त की बायोपिक में उनका किरदार निभाया, जो उनके करियर की बेहतरीन फिल्मों में शामिल है।

रणबीर कपूर बचपन में पिता की फिल्में देखा पसंद करते थे, जबकि उन्हें मां नीतू सिंह की फिल्में देखना अजीब लगता था। पिता के फिल्मों में निभाए गए अलग-अलग किरदार देखते हुए ही रणबीर ने एक्टर बनने का सोचा था।