BIRTHDAY SPECIAL : रेखा@72, अमिताभ बच्चन से प्यार, अफेयर से इनकार: एक्ट्रेस ने बताई रिश्तों की सच्चाई

रेखा की जिंदगी जितनी ग्लैमरस दिखती है, उसके पीछे उतने ही दर्दनाक अध्याय छिपे हैं। बचपन में पिता जैमिनी गणेशन की बेरुखी मिली, तो परिवार की आर्थिक मजबूरियों ने किशोर उम्र में ही फिल्मों में काम करने पर मजबूर कर दिया। बड़े पर्दे पर सफलता मिली, लेकिन निजी जिंदगी लगातार सवालों के घेरे में रही। विनोद मेहरा से कथित शादी, अमिताभ बच्चन से रिश्ते की चर्चाएं और 1990 में पति मुकेश अग्रवाल की आत्महत्या के बाद लगे गंभीर आरोपों ने उन्हें भीतर तक झकझोरा। इन मुश्किलों के बावजूद रेखा ने खुद को संभाला और हिंदी सिनेमा में ऐसी पहचान बनाई, जो आज भी कायम है।

रेखा का जन्म 10 अक्टूबर 1954 को तमिल सिनेमा के मशहूर अभिनेता जैमिनी गणेशन और अभिनेत्री पुष्पवल्ली के घर हुआ था। लेकिन पिता की मौजूदगी उनके बचपन का हिस्सा नहीं बन सकी। सिमी गरेवाल के शो ‘रेंडेवू विद सिमी गरेवाल’ में रेखा ने अपने बचपन और पिता के बारे में बात की थी। उन्होंने बताया था कि जब वह बहुत छोटी थीं, तभी उनके पिता उनकी जिंदगी से चले गए थे। उन्हें याद नहीं था कि उनके पिता कभी घर में रहे हों। रेखा ने अपने माता-पिता के रिश्ते को रोमांटिक बताया था और कहा था कि उनकी मां अपने पिता के प्यार में बेहद डूबी हुई थीं।

रेखा के लिए पिता की पहली याद भी किसी पिता-पुत्री के रिश्ते जैसी नहीं थी। उनके कई सौतेले भाई-बहन एक ही स्कूल में पढ़ते थे। जैमिनी गणेशन कभी-कभी अपने दूसरे बच्चों को स्कूल छोड़ने आते थे। रेखा ने बताया कि उन्हें दूर से देखकर उनके मन में आया था- ‘ओह, ये अप्पा हैं।’ लेकिन रेखा के मुताबिक, उनके पिता ने उन्हें नोटिस तक नहीं किया। उन्होंने बताया कि उन्हें उनसे मिलने का मौका कभी नहीं मिला और उन्हें नहीं लगता कि उनके पिता ने उस वक्त उन्हें देखा भी था।

बचपन में रेखा ने इस कमी को किस तरह महसूस किया, इसका अंदाजा उनकी एक मार्मिक बात से लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा था कि शायद उन्होंने इस दर्द को अपने अंदर ही दबा दिया था। उस उम्र में उनका ध्यान होमवर्क और दूसरी छोटी-छोटी चीजों पर ज्यादा था। उन्हें अपनी बहन के ज्यादा सुंदर होने की भी चिंता रहती थी।

बड़ी होने के बाद रेखा को एहसास हुआ कि शायद उन्हें पिता की कमी महसूस हुई थी। उन्होंने कहा था कि जब आपने किसी चीज का स्वाद ही नहीं चखा हो, तो आपको नहीं पता होता कि वह चीज कैसी होती है। उनके लिए पिता शब्द का मतलब ही साफ नहीं था।

रेखा ने बताया था कि उनके बचपन का बड़ा हिस्सा नानी और मौसी के साथ बीता, क्योंकि उनकी मां शूटिंग के सिलसिले में अक्सर बाहर रहती थीं। उनके पास कोई स्थायी पुरुष रोल मॉडल भी नहीं था। बाद में उन्होंने फिल्ममेकर मोहन सहगल को अपनी जिंदगी का पहला फादर फिगर बताया।

रेखा के लिए फिल्मों में आना किसी सपने के पूरा होने की कहानी नहीं थी। वह अभिनेत्री बनना ही नहीं चाहती थीं। उस उम्र में उनके सपने किसी आम लड़की जैसे थे- प्यार करने वाला जीवनसाथी, शादी और ढेर सारे बच्चे। परिवार की आर्थिक स्थिति ने उनके इन सपनों को पीछे धकेल दिया।

रेखा ने बताया था कि घर में कई बच्चों की पढ़ाई और दूसरे खर्चों की जिम्मेदारी थी। उनकी मां ने उनसे साफ कहा कि उन्हें काम करना होगा। फिल्मों में काम करने की इच्छा नहीं होने के बावजूद रेखा ने इसे स्वीकार किया और कहा कि वह सिर्फ एक फिल्म करेंगी- ‘अंजाना सफर’।

इसके बाद जो हुआ, उसने उनकी जिंदगी बदल दी। स्कूल छूट गया और महज किशोर उम्र में वह फिल्म स्टूडियो के चक्कर लगाने लगीं। एक तरफ घर की आर्थिक जरूरत थी, दूसरी तरफ फिल्म इंडस्ट्री उनके लिए अनजान दुनिया थी।

रेखा ने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए बताया था कि वह उस माहौल के लिए तैयार नहीं थीं। उन्हें काम करना पसंद नहीं था और कई बार सेट पर जाने का मन नहीं करता था। बाद में उन्होंने अपने शुरुआती फिल्मी दौर को मुश्किल समय के तौर पर याद किया।

मुंबई और फिल्म इंडस्ट्री उनके लिए सुरक्षित जगह जैसी नहीं थी। एक कम उम्र की लड़की, जिसे हिंदी भाषा तक ठीक से नहीं आती थी, अचानक ऐसे माहौल में पहुंच गई थी जहां उसे अपने लिए रास्ता बनाना था। बाद के वर्षों में रेखा ने बताया कि शुरुआती दौर में उन्हें रूप-रंग और भाषा को लेकर भी काफी आलोचना झेलनी पड़ी।

इस मजबूरी से शुरू हुआ सफर धीरे-धीरे उनकी पहचान बन गया। जिस लड़की ने शुरुआत में सिर्फ परिवार की आर्थिक मदद के लिए कैमरे का सामना किया था, वही आगे चलकर हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी अभिनेत्रियों में शामिल हुई। रेखा ने पीछे मुड़कर इस सफर को सिर्फ शिकायत की नजर से नहीं देखा।

उन्होंने कहा था कि वह अपनी जिंदगी में हुई हर घटना के लिए आभारी हैं, क्योंकि अगर उनकी जिंदगी का ‘स्क्रीनप्ले’ उसी क्रम में नहीं लिखा गया होता, तो शायद वह आज जैसी इंसान हैं, वैसी नहीं बन पातीं।

रेखा का नाम अभिनेता विनोद मेहरा के साथ जुड़ा तो उनकी निजी जिंदगी फिर चर्चा में आ गई। दोनों ने साथ में फिल्में कीं और उनकी नजदीकियों की खबरें सामने आती रहीं। इसी दौरान यह दावा भी किया गया कि दोनों ने गुपचुप शादी कर ली थी।

कई सालों तक रेखा और विनोद मेहरा की कथित शादी की कहानी फिल्मी गलियारों में सुनाई जाती रही। यह भी कहा गया कि शादी के बाद जब विनोद मेहरा रेखा को अपने घर लेकर गए तो उनकी मां ने उन्हें बहू के रूप में स्वीकार नहीं किया। कुछ रिपोर्ट्स में ससुराल में रेखा के साथ बुरे व्यवहार की बात भी कही गई। लेकिन इस कहानी का एक अहम पहलू खुद रेखा का बयान है।

2004 में ‘रेंडेवू विद सिमी गरेवाल’ में रेखा ने विनोद मेहरा से शादी की बात को साफ तौर पर खारिज किया था। उन्होंने शादी की खबर पर हैरानी जताई और कहा कि उनके बारे में ऐसी कई बातें कही जाती रही हैं। यहां तक कि उनके फारूक अब्दुल्ला से शादी करने की खबर भी सामने आ चुकी थी।

रेखा ने इस मामले को ज्यादा तवज्जो नहीं दी। उनके लिए विनोद मेहरा बेहद खास थे, लेकिन उन्होंने उन्हें पति के तौर पर स्वीकार नहीं किया। रेखा ने विनोद मेहरा को अपना करीबी और शुभचिंतक बताया था। उनके मुताबिक, विनोद उनकी जिंदगी में ऐसे शख्स थे, जो उनके बेहद करीब रहे। रेखा के अपने बयान के मुताबिक, विनोद मेहरा के साथ उनका रिश्ता खास और गहरा था, लेकिन शादी की बात वह स्वीकार नहीं करती थीं।

हालांकि, विनोद मेहरा की मां और रेखा के रिश्ते को लेकर भी कई सालों तक अलग-अलग दावे सामने आते रहे। यासिर उस्मान की किताब ‘रेखा: द अनटोल्ड स्टोरी’ और इसके आधार पर प्रकाशित रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि विनोद मेहरा की मां ने रेखा को बहू के रूप में स्वीकार नहीं किया। यहां तक बताया गया कि जब रेखा ने उनके पैर छूने की कोशिश की तो उन्हें धक्का देकर रोक दिया गया।

रेखा की जिंदगी में विनोद मेहरा का रिश्ता चाहे जिस रूप में रहा हो, इस रिश्ते से जुड़ी शादी की खबरों और ससुराल के कथित व्यवहार ने उनकी निजी जिंदगी को लंबे समय तक सुर्खियों में रखा।

अमिताभ बच्चन के साथ रेखा की जोड़ी पर्दे पर जितनी पसंद की गई, उनकी निजी जिंदगी को लेकर उतनी ही चर्चाएं हुईं। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया और इसी दौरान उनके रिश्ते को लेकर तरह-तरह की खबरें सामने आईं।

2004 में सिमी गरेवाल के शो में रेखा ने पहली बार इतने खुले अंदाज में अमिताभ के लिए अपनी भावनाओं पर बात की थी। उन्होंने अमिताभ को ऐसा शख्स बताया, जैसा उन्होंने पहले कभी नहीं देखा था। रेखा के मुताबिक, अमिताभ में इतनी खूबियां थीं कि उन्हें देखकर प्रभावित हुए बिना रहना मुश्किल था।

रेखा ने अमिताभ के लिए अपने प्यार को छिपाया नहीं। उन्होंने साफ कहा था कि वह उनसे प्यार करती हैं। उनका कहना था कि अमिताभ जैसे इंसान के प्यार में पड़ना उनके लिए असामान्य बात नहीं थी। उन्होंने यहां तक कहा कि दुनिया में शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति हो, जो अमिताभ की शख्सियत से प्रभावित न हो।

इसके तुरंत बाद रेखा ने इस रिश्ते को लेकर सबसे अहम बात कही। उन्होंने अमिताभ के साथ किसी भी निजी रिश्ते या अफेयर से साफ इनकार किया। रेखा के मुताबिक, उनके बीच कभी कोई व्यक्तिगत संबंध नहीं था और उनके रिश्ते को लेकर जो विवाद और अटकलें लगाई गईं, उनमें सच्चाई नहीं थी।

रेखा ने यह भी कहा था कि अमिताभ को शायद अंदाजा तक नहीं था कि वह उनके बारे में क्या महसूस करती हैं। उनके बयान में एक तरफ अमिताभ के लिए गहरा आकर्षण और प्यार था, लेकिन दूसरी तरफ उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों के बीच वैसा निजी रिश्ता नहीं था, जैसा मीडिया में बताया जाता रहा।

अमिताभ और रेखा की आखिरी फिल्मों में से एक ‘सिलसिला’ (1981) रही, जिसमें अमिताभ, रेखा और जया बच्चन एक ही कहानी का हिस्सा थे। फिल्म की कहानी और उस समय दोनों के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं ने पर्दे और निजी जिंदगी के बीच की सीमा को धुंधला कर दिया।

इसके बाद अमिताभ और रेखा किसी फिल्म में साथ नजर नहीं आए। रेखा ने सिमी गरेवाल को बताया था कि अब दोनों की मुलाकात सिर्फ सार्वजनिक कार्यक्रमों या अवॉर्ड फंक्शंस में होती है। उन्होंने अमिताभ के लिए सम्मानजनक शब्दों में कहा था कि वह उन्हें देखकर नमस्ते करती हैं और उनके बीच इतना ही संपर्क है।