CG : बीच सड़क बर्थडे सेलिब्रेशन, आधे घंटे रुकी रही एंबुलेंस, युवकों ने किया आतिशबाजी.. कई गाड़ियां फंसी रही

छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा पर कुछ युवकों ने हाईवे जाम कर जन्मदिन का जश्न मनाया। 16 फरवरी की रात अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर उन्होंने जमकर आतिशबाजी की। इसके बाद कार की बोनट पर केक काटकर बर्थडे सेलिब्रेशन किया गया। इस दौरान करीब 1 किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। एम्बुलेंस सहित कई गाड़ियां फंसी रही। आधे घंटे तक सभी गाड़ियों दोनों ओर खड़ी थी सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला जयनगर थाना क्षेत्र का है।

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सड़कों पर बर्थडे सेलिब्रेशन और यातायात बाधित करने के मामलों में सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद युवकों ने स्टेट हाईवे पर आतिशबाजी कर जन्मदिन मनाया। युवकों ने पहले ढाबे में पार्टी की और इसके बाद हाईवे पर आकर सड़क जाम कर दिया। अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर चारपहिया वाहन खड़े कर दोनों ओर से सड़क बंद कर दी। फिर जमकर आतिशबाजी की गई और कार की बोनट पर केक काटा गया। इससे हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। कई गाड़ियां जाम में फंसी रही। हालांकि, सेलिब्रेशन खत्म होने बाद यातायात बहाल हुई।

वीडियो में एक एम्बुलेंस भी जाम में फंसी हुई दिखाई दे रही है। हालांकि, एम्बुलेंस में मरीज मौजूद था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। इधर, सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद उसे डिलीट कर दिया गया। बताया जा रहा है कि सड़क जाम कर बर्थडे मनाने वाले युवक अंबिकापुर के हैं। फिलहाल, उनके संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। हालांकि, वीडियो में युवकों के चेहरे नजर आ रहे हैं। जिनकी पहचान की जा रही है। इस मामले में लटोरी पुलिस चौकी में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।