रणवीर सिंह के पीछे पड़ा बिश्नोई गैंग, अमेरिकी नंबर से भेजा था धमकी भरा वॉयस नोट, मांगे थे 10 करोड़
बॉलीवुड के लोकप्रिय एक्टर रणवीर सिंह से बिश्नोई गैंग ने 10 करोड़ रुपये की मांग की थी. बिश्नोई गैंग ने एक्टर को जहां से धमकी भरा वॉयस नॉट भेजा था, वो मैसेज अमेरिकन नंबर से आया था. मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि क्राइम ब्रांच उस नंबर की जानकारी लेने के लिए प्रोटोकाल के माध्यम से अमेरिका की संबंधित एजेंसी से संपर्क कर रही है. मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में पता चला है कि मौजूदा समय में बिश्नोई गैंग के खास गुर्गों में से एक हैरी बॉक्सर ने वॉयस नोट भेजकर रणवीर सिंह को धमकी दी और 10 करोड़ रुपए की वसूली मांगी थी.
क्राइम ब्रांच की प्राथमिक जांच में रणवीर सिंह के मैनेजर के व्हाट्सएप पर आए वॉयस नोट में हैरी बॉक्सर की आवाज होने की पुष्टि हुई है. हालांकि, इससे जुड़े अन्य सबूतों को क्राइम ब्रांच इकट्ठा करने में जुटी है. क्राइम ब्रांच के मुताबिक, हैरी बॉक्सर ने ये वॉइस नोट रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग के बाद भेजा था. रणवीर सिंह को वॉयस नोट के जरिए धमकी उनके मैनेजर के मोबाइल नंबर पर भेजी थी. इस धमकी के आने के बाद रणवीर सिंह की सुरक्षा बढ़ाई गई है. इसके बाद क्राइम ब्रांच ने रणवीर सिंह के मैनेजर का बयान दर्ज किया है और जांच कर रही है. पुलिस ने फिलहाल इस मामले में FIR दर्ज नहीं की है, लेकिन पुलिस ने प्रिलिमिनरी इंक्वायरी शुरू कर दी है.
लंबे समय से बिश्नोई गैंग बॉलीवुड को टारगेट बनाता आ रहा है. रणवीर सिंह से पहले बिश्नोई गैंग ने सलमान खान, कपिल शर्मा, पवन सिंह, रोहित शेट्टी जैसे सितारों को निशाना बनाया. जिसके बाद इन सेलेब्स की सिक्योरिटी बढ़ा दी गई. रणवीर सिंह ने अब तक इस विवाद पर कुछ नहीं कहा है.
