लोकसभा चुनाव 2024 से पहले नीतीश कुमार की JDU के बाद अब ओडिशा की बीजू जनता दल (BJD) भी NDA में शामिल हो सकती है। बुधवार (6 मार्च) को भुवनेश्वर में BJD के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के घर नवीन निवास में चुनाव को लेकर लंबी मीटिंग हुई। इस मीटिंग के बाद BJD के वाइस प्रेसिडेंट देबी प्रसाद मिश्रा ने कहा कि हमारी BJP के साथ अलायंस पर चर्चा चल रही है। हमारी पार्टी ओडिशा के लोगों के हितों को लेकर जरूरी फैसला लेगी।
बुधवार को ही दिल्ली में भी ओडिशा में लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा की लंबी बैठक हुई। इस बैठक के बाद भाजपा सांसद जुआल ओरम ने भी अलायंस को लेकर चर्चा होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अलायंस पर बातचीत चल रही है, लेकिन फाइनल फैसला आलाकमान ही करेगा। 1998 में भाजपा और BJD का गठबंधन हुआ था, जो 2009 में टूट गया था। 1998, 1999 और 2004 के लोकसभा चुनाव दोनों पार्टियों ने साथ लड़े थे। इसके अलावा 2000 और 2004 के विधानसभा चुनाव में भी दोनों पार्टियां एक साथ चुनाव में उतरी थीं।
BJD NDA की सबसे भरोसेमंद पार्टी मानी जाती थी। लेकिन 2009 के लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव में सीट शेयरिंग के मुद्दे को लेकर अलायंस टूट गया था। BJD चाहती थी कि विधानसभा चुनाव में भाजपा 163 सीटों में से 40 पर चुनाव लड़े, जबकि भाजपा 63 सीटों पर उम्मीदवार उतारना चाहती थी।