भाजपा जिला उपाध्यक्ष सागर साहू को नक्सलियों ने घर में घुसकर मारी गोल, इलाज के दौरान मौत

क्षेत्रीय

नारायणपुर जिले के भाजपा उपाध्यक्ष सागर साहू की नक्सलियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। शुक्रवार (10 फरवरी 2023) को बाइक पर सवार होकर आए माओवादियों ने जबरन घर में घुसकर गोली मार दी। बीते 5 दिनों में यह भाजपा के दूसरे नेता की हत्या है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुक्रवार (10 फरवरी 2023) की रात 8 बजे भाजपा जिला उपाध्यक्ष सागर साहू नारायणपुर जिले के छोटे डोंगर गाँव में स्थित अपने घर में टीवी देख रहे थे। इसी दौरान बाइक से दो नक्सलिय आए और उनके घर का दरवाजा खटखटाया। सागर साहू ने जैसे ही घर का दरवाजा खोला, नक्सलि जबरदस्ती करते हुए उनके घर के अंदर घुस गए।

घर में घुसने के बाद नक्सलियों ने उनके सिर में 2 गोली मार दी। गोली लगते ही भाजपा नेता गिर गए। घटना को अंजाम देकर नक्सलि बाइक पर सवार होकर जंगल की ओर भाग निकले। आनन फानन में उन्हें को स्थानीय हॉस्पिटल में ले जाया गया, जहाँ से उन्हें नारायणपुर जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। यहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इस हत्याकांड के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस घटनास्थल पर पहुँची। पुलिस को सागर साहू के घर से गोली के 2 खोखे मिले हैं। गोली के खोखे को देखकर पुलिस ने भाजपा नेता सागर साहू की हत्या में AK-47 का इस्तेमाल होने की आशंका जताई है।

रिपोर्ट के अनुसार, पहले नक्सलियों ने सागर साहू को लौह अयस्क संयंत्र की स्थापना का समर्थन न करने की चेतावनी दी थी। इस हत्या को लेकर नारायणपुर के एएसपी हेमसागर सिदार ने कहा है कि मामले की जाँच चल रही है। शुरुआती जाँच में सामने आया है कि नक्सलियों की स्मॉल एक्शन टीम ने हत्या को अंजाम दिया है।

इस हत्या के बाद छत्तीसगढ़ राज्य की शासन व्यवस्था और पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।