भाजपा नेता को फॉर्च्यूनर में जिंदा जलाया, हाईवा अड़ाकर कार में लगाई आग, साथी की फरसे से हत्या, 3 घायल
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के नौगई गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां रेत कारोबार को लेकर हुए विवाद में भाजपा के पूर्व नेता की जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई. जानकारी के मुताबिक, उनके घर के सामने खड़ी कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. घटना के वक्त पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष कार में ही मौजूद थे. फिलहाल सोनहत क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. बताया जा रहा है कि कार के अंदर ही पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष का शव पूरी तरह राख हो गया. वहीं इस आग्नीकांड में कार भी पूरी तरह जलकर खाक हो गई. इसके अलावा इस घटना में 3 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें अंबिकापुर के निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है.
घटना की सूचना मिलते ही सरगुजा आईजी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में जुट गई. इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल. बता दें कि पास खड़ी दूसरी गाड़ी में भी तोड़फोड़ के निशान मिले. इधर, सूचना के बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और आग को बुझाया, लेकिन तब तक पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष की मौत हो चुकी थी.
