भाजपा का तमिलनाडु के लिए घोषणापत्र जारी, मोदी कार्यकर्ताओं को वर्चुअल संबोधित करेंगे
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को चेन्नई में भाजपा का तमिलनाडु चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी किया। विकसित तमिलनाडु के विजन पर केंद्रित इस मेनिफेस्टो में भ्रष्टाचार मुक्त शासन, युवाओं और किसानों के लिए विशेष वादे, बुनियादी ढांचे का विकास, और संस्कृति के संरक्षण पर जोर दिया गया है। राहुल गांधी मंगलवार को प. बंगाल पहुंचेंगे। यहां वे मुर्शिदाबाद जिले के समसेरगंज, मालदा जिले के चंचल और उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में एक सभा को संबोधित करेंगे। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम को तमिलनाडु में वर्चुअली कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
कानून-व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों के लिए चुनाव आयोग ने बंगाल के वोटरों के लिए 24×7 हेल्पलाइन और ईमेल सुविधा शुरू की है। आयोग ने बताया कि टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18003450008 और wbfreeandfairpolls@gmail.com पर ईमेल के जरिए लोग अपनी शिकायतें भेज सकते हैं। यह दोनों सुविधाएं 4 मई तक जारी रहेंगी।
तमिलनाडु के CM स्टालिन ने रानीपेट में एक चुनावी रैली में आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने ₹2,000 करोड़ का एजुकेशन फंड जारी करने के लिए हिंदी भाषा कम्पल्सरी करने की शर्त रखी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “मेरा बूथ सबसे मजबूत” कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान कहा कि तमिलनाडु में DMK सरकार ने भ्रष्टाचार को सिस्टम का हिस्सा बना दिया है। बंगाल CM ममता बनर्जी ने बीरभूम, पूर्व बर्धमान और पश्चिम बर्धमान में चुनावी रैलियां की। उन्होंने दावा किया कि देश के 19 राज्य और केंद्र सरकार उनके खिलाफ एकजुट हो गए हैं, लेकिन वह अकेले आम लोगों के लिए लड़ रही हैं।
गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के रानीगंज में चुनावी सभा में कहा कि CM ममता बनर्जी और हुमायूं कबीर एक ही तरह के नेता हैं। भाजपा सत्ता में आने पर राज्य में बाबरी मस्जिद का निर्मान नहीं होने देगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को BJP के बूथ-स्तर के कार्यकर्ताओं से वर्चुअल तरीके से बातचीत करेंगे। यह बातचीत पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान का हिस्सा है।
