‘उमर अब्दुल्ला 10 दिन से लापता’, जम्मू-कश्मीर CM के खिलाफ बीजेपी ने शेयर किया पोस्टर
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के खिलाफ बीजेपी ने सोशल मीडिया पर अलग तरह का पोस्टर अभियान चलाया है। बीजेपी की जम्मू-कश्मीर इकाई ने सोशल मीडिया पर ‘ उमर अब्दुल्ला लापता ‘ लिखे पोस्टर साझा किए। इन पोस्टरों में तंज कसते हुए दावा किया गया कि मुख्यमंत्री पिछले दस दिनों सेलापता हैं और उनके बारे में जानकारी मांगी गई। बीजेपी की तरफ से यह आलोचना ऐसे समय में की जा रही है जब खबरें आ रही हैं कि मुख्यमंत्री निजी दौरे पर राज्य से बाहर हैं।
पोस्टरों पर प्रतिक्रिया देते हुए नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्षी दल के पास करने के लिए इससे बेहतर कुछ नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री ने यहां हजरतबल दरगाह में सामूहिक नमाज अदा करने के बाद पत्रकारों से कहा कि उनके अपने अभियान हैं, वे जानते हैं कि वे क्या कर रहे हैं। हमें उन्हें जवाब देने की जरूरत नहीं है।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पिछले 10 दिनों से लापता। pic.twitter.com/MjGmHWrBuD
— BJP Jammu & Kashmir (@BJP4JnK) May 21, 2026
फारूक अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस के साथ गठबंधन टूटने की अफवाहों को भी सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि ये सब हमारे दुश्मन फैला रहे हैं। गठबंधन कायम है, कुछ नहीं होगा। ईंधन आपूर्ति संकट को लेकर बनी चिंताओं का जिक्र करते हुए फारूक ने उम्मीद जताई कि पश्चिम एशिया का यह संकट जल्द ही समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध समाप्त होगा और ईश्वर की कृपा से हम इन कठिनाइयों से बाहर निकल आएंगे।
