बीजेपी महिला सांसद राष्ट्रपति से मिलेंगी, JNU से बर्खास्त कांग्रेस सांसद के मामले पर दखल की मांग
बीजेपी की महिला सांसदों का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल जेएनयू के प्रोफेसर पद से हटाए गए कांग्रेस सांसद आंगोमचा बिमोल आकोइजाम का मुद्दा उठाएगा। बीजेपी के मुताबिक, सांसद डी. पुरंदेश्वरी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगी। इसमें बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी, दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज और अन्य नेता शामिल होंगे। राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात मंगलवार दोपहर राष्ट्रपति भवन में तय है। जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) ने प्रोफेसर और इनर मणिपुर से कांग्रेस लोकसभा सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजाम को शुक्रवार को बर्खास्त कर दिया था।
यूनिवर्सिटी ने उन्हें 11 छात्राओं के यौन उत्पीड़न का दोषी पाया। बर्खास्तगी तत्काल प्रभाव से लागू की गई है। यह कार्रवाई यूनिवर्सिटी की इंटरनल कमेटी (IC) की जांच के निष्कर्षों के आधार पर की गई।
यह मुलाकात सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर हुए बीजेपी महिला मोर्चा के प्रदर्शन के एक दिन बाद हो रही है। बीजेपी महिला मोर्चा ने हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर भी प्रदर्शन किया था।
प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस से इनर मणिपुर के सांसद आंगोमचा बिमोल आकोइजाम को पार्टी से निकालने की मांग की थी। दिल्ली के प्रदर्शन में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, कई महिला सांसद और बीजेपी कार्यकर्ता शामिल हुए थे।
अकोइजाम को हटाने की कार्रवाई से पहले दिल्ली कमीशन फॉर विमेन (DCW) ने मामले पर JNU प्रशासन से रिपोर्ट मांगी थी। आयोग ने 11 छात्राओं के आरोपों पर सितंबर में यह रिपोर्ट मांगी थी।
छात्राओं ने आरोप लगाया था कि उन्होंने मई 2026 में JNU की वाइस चांसलर संतिश्री धुलिपुड़ी पंडित को प्रोफेसर के खिलाफ शिकायत दी थी।
छात्राओं का आरोप था कि उस समय उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की गई। गुप्ता ने यूनिवर्सिटी प्रशासन से तीन दिन में रिपोर्ट देने को कहा था।
