कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे लेकर हड़कंप मच गया है। दरअसल भाजपा नेता ने अपनी पत्नी के साथ जहर खा लिया, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पाल ले जाया गया। हालांकि अभी दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बता दें कि गुरविंदर सिंह छाबड़ा भारतीय जनता पार्टी के पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री हैं। इसके साथ ही वह यूपी पंजाब एकेडमी के वाइस चेयरमैन भी हैं। वहीं, उनके और उनकी पत्नी द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की सूचना मिलते ही सैकड़ों भाजपाई अस्पताल पहुंचे। इसके अलावा जैसे ही विधानसभा अध्यक्ष को इस बात की सूचना हुई, तो वह भी फौरन अस्पताल पहुंचे और छाबड़ा का हालचाल जाना।
परिजनों का कहना है कि गुरविंदर सिंह छाबड़ा और उनकी पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों ने नींद की गोलियों का ओवरडोज लिया था। इस वजह से उनकी हालत गंभीर हो गई थी। हालांकि अब उनकी हालत स्थिर है। कानपुर के फजलगंज निवासी गुरविंदर सिंह छाबड़ा भारतीय जनता पार्टी के कानपुर के बड़े नेताओं में से एक हैं।
युपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि छाबड़ा और उनकी पत्नी ने जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया है। इसके बाद वह उनका हालचाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे हैं। अब वह ठीक हैं। वहीं, एसीपी बृज नारायण सिंह ने बताया कि भाजपा नेता और उनकी पत्नी की हालत गंभीर होने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्हें रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों का इलाज चल रहा है। दोनों की हालत अब खतरे से बाहर है।