बड़ी खबर : बलौदा बाजार स्पंज आयरन प्लांट में ब्लास्ट, 6 मजदूरों की मौत, कई मलबे में दबे

छत्तीसगढ़ के भाटापारा में स्थित रियल इस्पात स्टील प्लांट में गुरुवार सुबह बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट में डीएससी कोल कीलन के दौरान अचानक हुए जोरदार ब्लास्ट से प्लेटफॉर्म पर काम कर रहे 6 मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में 4 अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह शिफ्ट के दौरान कोल कीलन की प्रक्रिया चल रही थी। इसी बीच अचानक धमाका हुआ और गर्म कोयला व लपटें चारों ओर फैल गईं। प्लेटफॉर्म पर मौजूद मजदूर संभल नहीं पाए और सीधे आग व गर्म कोयले की चपेट में आ गए। धमाके के बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट के बाद प्लांट की एक यूनिट पूरी तरह ढह गई, जिससे कई मजदूर मलबे में फंस गए। रेस्क्यू टीम लगातार राहत कार्य में जुटी है।

घटना में झुलसे मजदूरों को तत्काल भाटापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और स्थानीय निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किए जाने की संभावना है। मृत मजदूरों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सूचना मिलते ही भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्लांट परिसर को सील कर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खामी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को जांच का आश्वासन दिया जा रहा है। स्थित को कंट्रोल में रखने के लिए बडी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं, प्लांट में सुरक्षा इंतजामों की जांच और समीक्षा की जा रही है।