बर्थडे के चक्कर में BMO की छुट्टी, बीच सड़क पर कार रोककर काटा केक, हुई कार्रवाई

राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-43 पर कार रोककर केक काटने और पटाखे फोड़ने का वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की हैसोनहत बीएमओ डॉ. अनित बखला को तत्काल प्रभाव से हटाकर जिला चिकित्सालय बैकुंठपुर में पदस्थ कर दिया गया है। उनकी जगह डॉ. बलवंत सिंह को नया बीएमओ नियुक्त किया गया है।

28 नवंबर की रात लगभग 11:30 बजे बैकुंठपुर के रामपुर तिराहे के पास एनएच-43 पर एक कार को बीच सड़क में रोककर जन्मदिन मनाते हुए दो युवकों का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में सोनहत बीएमओ अनित बखला और उनका साथी अल्तमस कार के बोनट पर केक काटते और सड़क पर ही पटाखे फोड़ते दिखाई दे रहे थे।यह वीडियो सामने आने के बाद पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया।

पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी की निगरानी में उप-निरीक्षक महेश कुशवाहा ने बीएमओ अनित बखला और उनके साथी अल्तमस के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। संबंधित वीडियो और मामले के गंभीरता से सामने आने के बाद सीएमएचओ कोरिया ने तत्काल विभागीय कार्रवाई करते हुए बीएमओ अनित बखला को उनके पद से हटा दिया।

सड़क पर जश्न मनाने के इस लापरवाह कृत्य को लेकर बीएमओ अनित बखला और अल्तमस के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। घटना के बाद अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस तरह की गतिविधियां किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।