BIG NEWS : यमुना नदी में नाव पलटी, 6 श्रद्धालुओं की मौत, कई अब भी लापता
मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार को यमुना नदी में बड़ा हादसा सामने आया है. नदी में बने पीपा पुल के पास श्रद्धालुओं से भरी एक नाव पलट गई. इस हादसे में 6 श्रद्धालुओं की डूबकर मौत हो गई, जबकि 14 लोगों को बचा लिया गया. अब भी कई लापता बताए जा रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं. मथुरा के डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और गोताखोर लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं. मथुरा जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. वृंदावन में नाव पलटने की इस घटना का उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है. उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही, मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं. मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के मुताबिक नाव में 30 लोग सवार थे, जो पंजाब के लुधियाना से वृंदावन घूमने आए थे.
हादसा दोपहर पौने 3 बजे केसी घाट पर हुआ, जो श्रीबांके बिहार मंदिर से करीब ढाई किमी की दूरी पर है. नाव पीपा पुल से टकराने के बाद नदी में पलट गई. स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स और नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स की टीमें करीब 50 स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में लापता लोगों की तलाश कर रही हैं. बताया जा रहा है कि तेज हवा के कारण नाव पर नियंत्रण नहीं रहा और वह पीपा पुल से टकराकर यमुना नदी में पलट गई.
