दिल्ली-बॉम्बे हाईकोर्ट में बम की धमकी झूठी निकली, ईमेल में दोपहर बाद ब्लास्ट की बात थी
दिल्ली और बॉम्बे हाईकोर्ट को आज शुक्रवार को बम की धमकी मिली। पहले दिल्ली HC को भेजे ईमेल में कोर्ट रूम में 3 बम रखे होने की जानकारी दी गई। इसमें दोपहर 2 बजे तक कोर्ट कैंपस खाली करने को कहा गया। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट को खाली कराया। बम स्क्वॉड ने तलाशी ली, लेकिन बम की धमकी झूठी निकली। इसी बीच बम की धमकी वाला मेल बॉम्बे हाईकोर्ट को मिला। इसके बाद कोर्ट खाली करा लिया गया। यहां जांच में कुछ नहीं मिला। दोनों जगह करीब 2 से घंटे तलाशी ली गई। दिल्ली-मुंबई के अलावा बिहार में भी आज बम ब्लास्ट की धमकी दी गई। यहां 11 सितंबर को बम की धमकी का मेल भेजा गया था। इसमें कहा गया था कि शुक्रवार को पब्लिक प्लेसों पर पर बम ब्लॉस्ट किए जाएंगे। इसको लेकर पूरे राज्य में अलर्ट जारी किया गया है।
