पंजाब सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी, बढ़ाई गई सुरक्षा

चंडीगढ़ में स्थित पंजाब सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा इंतजाम बेहद कड़े कर दिए गए हैं. सचिवालय प्रशासन को एक धमकी भरा ईमेल भेजा गया है, जिसमें इमारत को धमाके से उड़ाने की बात कही गई है. इस इनपुट के मिलते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई और एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है मौके पर भारी तादाद में पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सचिवालय के प्रवेश और निकास द्वारों पर सख्त चेकिंग की जा रही है. सुरक्षा एजेंसियां अब इस ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुट गई हैं, जिससे यह साफ हो सके कि यह किसी की शरारत है या कोई गंभीर साजिश.

सचिवालय को यह धमकी एक ईमेल के जरिए भेजी गई है. जैसे ही यह मेल अधिकारियों की नजर में आया, तुरंत उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दी गई. संवेदनशील सरकारी इमारत होने के कारण प्रशासन ने बिना किसी देरी के त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है. साइबर सेल की मदद से इस बात की जांच की जा रही है कि यह मेल कहां से और किसने भेजा है.