नॉनवेज चाहिए और फिल्म… बाल सुधार गृह ने नहीं मानी मांग तो दो लड़कों ने पिया टॉयलेट क्लीनर
राजस्थान में कोटा के नयागांव स्थित बाल सुधार गृह में चार बाल अपचारियों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है. इनमें से दो बाल अपचारियों ने कथित तौर पर टॉयलेट क्लीनर पी लिया, जबकि दो अन्य की लगातार भूखे रहने से हालत खराब हो गई. चारों को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, बाल अपचारी नॉनवेज भोजन, अपनी पसंद की फिल्में देखने और पेन ड्राइव अपने पास रखने जैसी मांगें कर रहे थे. सुधार गृह प्रशासन ने बताया कि ये मांगें नियमों के विपरीत होने के कारण पूरी नहीं की जा सकीं. इसके बाद कुछ बाल अपचारियों ने 1 जुलाई से खाना छोड़ दिया था.
बाल सुधार गृह अधीक्षक निशांत ने बताया कि सुधार गृह में 18 साल से अधिक आयु के 10-12 बाल अपचारी हैं, जिन्हें हाल ही में मेस के पास स्थित अलग भवन में शिफ्ट किया गया है. सुरक्षा के लिए वहां होमगार्ड भी तैनात हैं. पिछले कुछ दिनों से कुछ बाल अपचारी लगातार अलग-अलग मांगें कर रहे थे, जिनमें मनपसंद भोजन भी शामिल था. नियमों के कारण इन मांगों को पूरा करना संभव नहीं था, जिससे नाराज होकर 5 से 7 बाल अपचारियों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी.
इसी दौरान 3 जुलाई की शाम झालावाड़ और कोटा के रहने वाले दो बाल अपचारियों ने कथित तौर पर टॉयलेट क्लीनर पी लिया. इसके बाद उन्हें उल्टियां होने लगीं और उनकी तबीयत बिगड़ गई. दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.
वहीं बूंदी और कोटा ग्रामीण के रहने वाले दो अन्य बाल अपचारियों की लगातार दो दिन तक भोजन नहीं करने के कारण तबीयत खराब हो गई. उन्हें भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. अधीक्षक के अनुसार, चारों बाल अपचारी पिछले करीब दो वर्षों से बाल सुधार गृह में रह रहे हैं. फिलहाल सभी की हालत सामान्य है और वे भोजन भी कर रहे हैं.
