ब्रेकिंग : छत्तीसगढ़ में BJP नेता की गोली मारकर हत्या, अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर की फायरिंग

क्षेत्रीय

छत्तीसगढ़ के मोहला मानपुर जिले में बीजेपी नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक कल बीजेपी नेता बिरजूराम तारम के पूर्व मुख्यमंत्री डाक्टर रमन सिंह की आमसभा में शामिल होकर जैसे ही घर लौटे अज्ञात आरोपियों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया गया है। मामला औंधी चौकी क्षेत्र के सरखेड़ा गांव का है। मिली जानकारी के अनुसार कि 56 वर्षीय भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष बिरजूराम के घर कल शाम हथियारों से लैस कुछ अज्ञात लोग पहुंचे थे। इस वारदात में नक्सलियों का हाथ होने की भी आशंका जताई रही है हालांकि इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हो सकी है। भाजपा नेता को चार गोलियां लगी हैं, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने बताया कि शाम को मर्डर की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है। गोली मारकर हत्या की गई है। घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलू पर जांच की जा रही है।

आपको बता दें कि सरखेड़ा वही गांव हैं जहां जून में अज्ञात लोगों ने मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा को नदी के किनारे ले जाकर आग के हवाले कर दिया था। इसके बाद यहां बवाल भी मचा। शुक्रवार को मोहला में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की सभा थी। रमन सिंह मोहला-मानपुर विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी संजीव शाह की नामांकन रैली में पहुंचे थे। मोहला की सभा में बिरजू भी शामिल थे। वहां से लौटने के बाद सरखेड़ा में देर शाम उनकी हत्या की गई। वारदात पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस शासन में भाजपा कार्यकर्ता की टारगेट किलिंग हो रही है। पहले भी मोहला-मानपुर में ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को मारने-काटने की धमकी दी गई थी। हत्या की वारदात के बाद पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कानून की व्यवस्था बद से बदतर हो गई है। लगातार हत्याओं का दौर चल रहा है, फिर एक भाजपा कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई है। यह चुनाव में हमारे कार्यकर्ताओं को डराने का प्रयास है क्योंकि कांग्रेस विधायक की उपस्थिति में भाजपा कार्यकर्ताओं को काट डालने की धमकी दी गई थी। यह हत्या स्थानीय विधायक के संरक्षण में की गई है। भाजपा के जिला मंत्री राजू टांडिया ने बताया कि कुछ दिन पहले आदिवासी समाज के नेता सुरजू टेकाम ने भरी सभा में चुनाव के दौरान भाजपा नेताओं के पहुंचने पर काट डालने की धमकी भी दी थी। उनके खिलाफ एफआईआर हुई लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। उस मंच पर स्वयं विधायक इंद्रशाह मंडावी भी मौजूद थे। इसका वीडियो वायरल भी हुआ था।

गौरतलब हो कि छत्तीसगढ़ में आचार संहिता लगी हुई है। प्रदेश में पहले चरण का मतदान 7 नवंबर को होगा, इसमें मोहला मानपुर सीट भी शामिल है। वारदात वाले दिन ही यहां नामांकन का भी आखिरी दिन था। प्रदेश में पहले चरण में 20 सीटों पर वोटिंग होनी है। सरखेड़ी धुर नक्सल इलाका है। 2009 में विधानसभा चुनाव के पहले भी नक्सलियों ने वारदात को अंजाम दिया था। बीजेपी प्रत्याशी रहे दरबार सिंह की भी हत्या कर दी थी।