बिलासपुर-रतनपुर हाईवे पर पुल बीच से टूटा, चलती बस बीच में फंसी, नदी में गिरने से बची
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा रोड पर रविवार (2 अगस्त) शाम बड़ा हादसा होते-होते टल गया. शाम करीब 5 बजे एक पुल अचानक बीच से दो हिस्सों में टूट गया. उसी समय पुल से गुजर रही एक यात्री बस टूटे हुए हिस्से पर फंस गई. बस का अगला हिस्सा टूटे हुए स्लैब के किनारे अटक गया, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. हालांकि चालक की सूझबूझ और किस्मत से बस नीचे नहीं गिरी और सभी यात्री सुरक्षित बच गए. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और प्रशासन ने पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. Aman Namra @amannamra नाम के यूजर ने एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा रोड पर 35 साल पुराना पुल रविवार शाम अचानक दो हिस्सों में टूट गया. उसी समय एक यात्री बस उस पर से गुजर रही थी. बस का अगला हिस्सा टूटे हुए स्लैब पर अटक गया और दर्जनों लोग नदी में गिरने से बाल-बाल बच गए. अब इस पुल के टूटने से बिलासपुर, पेंड्रा, गौरेला, अमरकंटक, जबलपुर, शहडोल और मनेंद्रगढ़ का सीधा संपर्क टूट गया है. रास्ते बंद हैं, रूट डायवर्ट हैं और लोग परेशान हैं.
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा रोड पर 35 साल पुराना पुल रविवार शाम अचानक दो हिस्सों में टूट गया। उसी समय एक यात्री बस उस पर से गुजर रही थी। बस का अगला हिस्सा टूटे हुए स्लैब पर अटक गया और दर्जनों लोग नदी में गिरने से बाल-बाल बच गए।
अब इस पुल के टूटने से बिलासपुर, पेंड्रा,… pic.twitter.com/Fw2xb7H1a0— Aman Namra (@amannamra) August 2, 2026
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही यात्री बस पुल के बीच हिस्से में पहुंची, तभी अचानक पुल का स्लैब धंस गया. बस का अगला हिस्सा टूटे हुए पुल के किनारे जाकर अटक गया. गनीमत रही कि बस कुछ फीट और आगे नहीं बढ़ी, वरना वह सीधे नदी में गिर सकती थी.
बताया जा रहा है कि बांसाझाल पुल करीब 35 साल पुराना था और काफी समय से इसकी स्थिति कमजोर बताई जा रही थी. यह पुल बिलासपुर-जबलपुर निर्माणाधीन नेशनल हाईवे-45 का अहम हिस्सा है. लगातार हो रही बारिश के कारण पुल की हालत और खराब हो गई थी. शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि तेज जलप्रवाह और पुरानी संरचना के दबाव की वजह से पुल का स्लैब अचानक धंस गया.
