गुजरात के वलसाड में नदी पर बन रहा पुल गिरा, चार मजदूर घायल
गुजरात के वलसाड से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां औरंगा नदी पर बन रहे पुल के कंस्ट्रक्शन के दौरान, एक गर्डर डैमेज हो गया, जिससे पुल भरभराकर गिर गया। इस दौरान उस पर काम कर रहे करीब पांच मजदूर फंस गए। घटना के तुरंत बाद राहत बचाव का कार्य शुरू किया गया। यह घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। जब पुल के दो खंभों के बीच की स्लैब बनाने के लिए बनाई गई मचान का ढांचा भरभराकर ढह गया। इस हादसे में करीब पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए और मलबे के नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलते ही वलसाद अग्निशमन विभाग और पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। राहत बचाव की टीम ने चार मजदूरों को बचा लिया गया और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।
वहीं, एक कर्मचारी की तलाश जारी है। जिसके मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है। अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीमें लापता श्रमिक को खोजने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चला रही हैं।
गुजरात के वलसाड में औरंगा नदी पर बन रहा पुल ढह गया, स्लैब और रॉड गिरने से 4 से ज़्यादा मजदूर दब गए#Gujarat pic.twitter.com/TM8tvlW7sO
— NDTV India (@ndtvindia) December 12, 2025
परदी-संधपोर ग्राम पंचायत के सरपंच के अनुसार, पुल के आखिरी दो खंभों के बीच लोहे की छड़ों की एक पटिया बनाई जानी थी, लेकिन एक खंभा खिसकने से पूरा पुल भरभराकर गिर गया। इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि पुल का निर्माण गुणवत्ता मानकों के अनुसार किया जा रहा था या नहीं और ढांचा क्यों गिरा।
