‘पश्चिम बंगाल जीत का पूरा श्रेय अमित शाह को’, बृजभूषण सिंह ने गृहमंत्री को बताया BJP का ‘हनुमान’

भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने बंगाल चुनाव में भाजपा की जीत का श्रेय गृह मंत्री अमित शाह को दिया. उन्होंने अमित शाह को भाजपा में ‘हनुमान’ की भूमिका निभाने वाला रणनीतिकार बताया. इसी दौरान उन्होंने 10 मई से नंदनी नगर स्टेडियम में शुरू होने वाली ओपन नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप की घोषणा की, जिसमें देश भर के करीब 1300 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. इसमें हरियाणा के सर्वाधिक 800 पहलवानों के शामिल होने की उम्मीद है, जिसका मकसद चोट के कारण पीछे छूटे खिलाड़ियों को मौका देना है. 5 मई को अपने गोंडा स्थित आवास विष्णोहरपुर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने बंगाल चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वहां मिली विजय श्री का श्रेय पूरी तरह से अमित शाह की कुशल रणनीति और नेतृत्व को जाता है. उन्होंने बंगाल की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए अमित शाह की तुलना संकटमोचक हनुमान से की. बृजभूषण के अनुसार, पूरी चुनावी बिसात और जीत का खाका शाह ने ही तैयार किया था, जिसके सुखद परिणाम सबके सामने हैं.

कुश्ती के आयोजन पर चर्चा करते हुए पूर्व सांसद ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में उनका रेसलिंग प्रशासन से सीधा लेना-देना नहीं है, क्योंकि उनका बेटा यूपी कुश्ती संघ का अध्यक्ष है. हालांकि, कुश्ती के प्रति अपने शौक के कारण उन्होंने बताया कि 10 मई से शुरू हो रही ओपन रेसलिंग उनकी ही परिकल्पना थी. इसमें हरियाणा के खिलाड़ी सबसे अधिक उत्साहित हैं, जो पारंपरिक रूप से कुश्ती में 70 प्रतिशत तक पदक हासिल करते हैं.

तीन साल के अंतराल के बाद शुरू हो रही इस प्रतियोगिता का उद्देश्य उन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना है जो चोट या अन्य कारणों से मुख्य मुकाबलों से वंचित रह गए थे. बृजभूषण ने कहा कि यह देश के खेल भविष्य के लिए फायदेमंद साबित होगा. उन्होंने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि नंदनी नगर स्टेडियम में होने वाला यह आयोजन भारतीय कुश्ती को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा.