ब्रिटिश PM स्टार्मर ने रानी मुखर्जी के साथ फिल्म देखी, यशराज स्टूडियो का दौरा किया
ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर ने आज बुधवार को मुंबई में बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी के साथ फिल्म देखी। उन्होंने यशराज स्टूडियो का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सीईओ अक्षय विधानी से भी मुलाकात की। उन्होंने कौन सी फिल्म देखी इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। स्टार्मर आज ही मुंबई पहुंचे हैं। 2024 में प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा है। उनके साथ व्यापार, संस्कृति और दूसरे क्षेत्रों के 100 से अधिक लोगों का एक डेलिगेशन भी आया है, जिसमें आईटी, ऑटो-मोबाइल सहित कई क्षेत्रों के कारोबारी भी शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, स्टार्मर आज कूपरेज ग्राउंड में एक फुटबॉल कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं। इसके अलावा शाम में विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी मुलाकात कर सकते हैं।
यशराज फिल्म्स (YRF) ने आज यह पुष्टि की है कि वह अपनी तीन बड़ी फिल्मों की शूटिंग 2026 की शुरुआत से यूनाइटेड किंगडम (UK) में करेगी। ब्रिटिश पीएम ने कहा कि इस कदम से ब्रिटेन में 3,000 से अधिक नौकरियां पैदा होंगी। प्रधानमंत्री स्टार्मर ने कहा, “बॉलीवुड ब्रिटेन में वापसी कर रहा है। यह पार्टनरशिप भारत-ब्रिटेन ट्रेड डील के असली मकसद को पूरा करती है।” यशराज फिल्म्स के सीईओ अक्षय विधानी ने कहा –“यूके हमेशा हमारे लिए बेहद खास रहा है। हमारी सबसे बड़ी फिल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे (DDLJ) वहीं फिल्माई गई थीं। प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर का हमारे स्टूडियो आना और इस साझेदारी पर हस्ताक्षर करना हमारे लिए सम्मान की बात है।”
स्टार्मर और पीएम मोदी के बीच कल मुंबई में एक कार्यक्रम में मुलाकात होगी और ‘विजन 2030’ के तहत साझेदारी के डेवलपमेंट पर चर्चा करेंगे।
