बेतिया में दिनदहाड़े करीब 35 करोड़ की लूट, 8 हथियारबंद बदमाशों ने गोल्ड शोरूम को बनाया निशाना
बिहार : बेतिया के सुप्रिया रोड में अवस्थित सेंको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में बुधवार की दोपहर 12:30 बजे तीन बाइक से आए आठ हथियारबंद अपराधियों ने करीब 30 से 35 करोड़ के सोना, चांदी एवं डायमंड के आभूषण लूट लिए। एक अपराधी नकाब में था, जबकि अन्य सभी अपराधियों का चेहरा दिख रहा था। अपराधी शोरूम में घुसे, उस वक्त तीन ग्राहक थे। बदामाशों ने पिस्टल के नोक पर शोरूम के आठ कर्मचारियों एवं तीन ग्राहकों को बंधक बनाया।
दो मंजिल के शो रूम में दो तल्ले की तिजोरियों एवं शोकेस से सोने चांदी और डायमंड के आभूषण बैग में भरकर बाइक से फरार हो गए। अपराधी शोरूम में करीब 20 मिनट तक लूटपाट किए , लेकिन आसपास के दुकानदारों को इसकी भनक तक नहीं लगी। लूट की घटना का विरोध करने पर अपराधियों ने शो रूम के सुरक्षा गार्ड मन्नू चौबे एवं एक अन्य कर्मी के साथ मारपीट भी की। सुरक्षा गार्ड के सिर पर चोट लगी है। उसके पास कोई आर्म्स नहीं था।
दो ग्राहक का मोबाइल छीन का फोड़ दिया। जाते वक्त अपराधियों ने शो रूम के सीसी कैमरे एवं काउंटर पर भी तोड़फोड़ की। शो रुम जदयू के वरीय नेता एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी वृजेश कुशवाहा के भाई राकेश कुमार उफ राजू की है।
हालांकि घटना की सूचना पर डीआइजी हरकिशोर राय, एसएसपी कुमार गौतम, सदर वन एसडीपीओ अजीत कुमार करीब आधे दर्जन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया गया।
डीआईजी और एसपी करीब पांच घंटे तक शोरूम में जांच और कर्मचारियों से पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस दुकान और आसपास लगे सीसी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है।
पूरे जिले का नाकेबंदी कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जिन बाइकों से अपराधी आए थे, सीसी कैमरे में बाइक नंबर मिला है, जिसका सत्यापन किया जा रहा है।
बताया जाता है कि दो बाइक पर तीन-तीन और एक बाइक पर दो अपराधी बैठे थे। आते ही सभी शोरूम में प्रवेश किए और पिस्टल के नोक पर कर्मचारियों को बंधक बना लिया। उनके हाथ बांधकर मोबाइल फोन छीन ले लिए।
चार अपराधी शो रूम के कर्मचारियों की निगरानी में थ्ज्ञे। जबकि चार अपराधी शो रूम के एक – एक तिजोरी और शोकेस से आभूषण निकलकर बैग में भर रहे थे। अपराधियों ने शो रूम के चार महिला कर्मचारियों और दो ग्राहकों का मोबाइल छीन कर दिया।
बताया जाता है कि लूट की घटना से करीब आधे घंटे पहले कालीबाग थाने की पेट्रोलिंग टीम शो रूम में जांच के लिए आई थी।पेट़्रोलिंग टीम शो रूम में सीसी कैमरे , पार्किंग एरिया में वाहनों की कतार आदि की जांच की थी। बताया जाता है कि एसएसपी के आदेश पर प्रतिदिन बैंकों की तरह नगर के सभी बड़े शो रूम की भी पुलिस सुरक्षा जांच करती है।
शोरूम से करीब 100 मीटर की दूरी पर पूर्व उपमुख्यमंत्री सह बेतिया विधायक रेणु देवी का आवास है। घटना की सूचना पर रेणु देवी भी शोरूम में पहुंची और पूछताछ की। उन्होंने कहा कि अपराधी हर हाल में पकड़े जाएंगे। पुलिस जांच कर रही है। आभूषण के शोरूम के आसपास भी बड़े प्रतिष्ठान हैं। दिनदहाड़े हुई लूट की इस वारदात से व्यवसायी सहम गए हैं।
