पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री और CPI (M) नेता बुद्धदेव भट्टाचार्य का आज गुरुवार को निधन हो गया। पूर्व CM ने 80 साल की उम्र में कोलकाता स्थित घर पर अंतिम सांस ली। CPI (M) के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने उनकी मौत की पुष्टि की है। बुद्धदेव भट्टाचार्य बढ़ती उम्र से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित थे। उन्हें सांस लेने में भी दिक्कत थी। पिछले कुछ समय से उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था। पिछले साल उन्हें निमोनिया भी हुआ था। लाइफ सपोर्ट पर रहने के बाद वे ठीक हो गए थे। भट्टाचार्य ने CPI (M) की सरकार में 2000 से 2011 तक, 11 साल बंगाल CM का पद संभाला। 1977 से 2000 तक ज्योति बसु के नेतृत्व में CPI (M) की सरकार थी। लगातार 34 साल सत्ता में रहने के बाद 2011 में तृणमूल कांग्रेस ने कम्युनिस्ट पार्टी को सत्ता से हटाया था। बुद्धदेव को पश्चिम बंगाल की औद्योगिक क्रांति के लिए जाना जाता है। उनके परिवार में उनकी पत्नी मीरा और बेटी सुचेतना हैं। पद्म भूषण सम्मान लेने से मना करने वाले बुद्धदेव भट्टाचार्य के देहांत पर पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने दुख जताया।
साल 2022 में बुद्धदेव भट्टाचार्य को पद्म भूषण देने की घोषणा की गई थी, लेकिन उन्होंने इसे लेने से इनकार कर दिया। CPI(M) महासचिव सीताराम येचुरी ने बताया था- बुद्धदेव ने कहा है कि मैं पद्म भूषण सम्मान के बारे में कुछ नहीं जानता। मुझे किसी ने इसके बारे में नहीं बताया। अगर मुझे पद्म भूषण सम्मान दिया गया है तो मैं इसे अस्वीकार कर रहा हूं।
पश्चिम बंगाल के पूर्व CM बुद्धदेव भट्टाचार्य का निधन।
80 की उम्र में आखिरी सांस ली, पद्म भूषण सम्मान लेने से इनकार किया था pic.twitter.com/rctofFvFyO
— News18 Bihar (@News18Bihar) August 8, 2024