बड़ी खबर : यूपी के बाराबंकी में तीन मंजिला इमारत गिरी, मलबे में दबकर 2 की मौत, 12 घायल

राष्ट्रीय

यूपी के बाराबंकी से बड़ी ख़बर सामने आ रही है। बाराबंकी के फतेहपुर कस्बे में तीन मंजिला इमारत गिरने से दो लोगों की मौत हो गई है। घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना देर रात की बताई जा रही है। तीन मंजिला इमारत अज्ञात कारणों से भरभरा कर गिरी है। अभी तक इमारत के अचानक गिरने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।

तीन मंजिला इमारत गिरने से दर्जन भर लोग दब गए। इमारत गिरने से लोगों में हड़कंप मच गया। चारों ओर चीख पुकार मच गई। स्थानिय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे आला अधिकारियों ने रेस्कयू कराया। स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन की मदद से लोगों का रेस्क्यू किया जा रहा है। बताया गया है कि मलबे में अभी भी तीन से चार लोग दबे हैं। इन लोगों को बचाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है।

घटना में अभी तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, बताया जा रहा है कि घटना में लगभग 12 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है।