बदायूं में 70 फीट ऊंचे ओवरहेड टैंक पर चढ़ा सांड, नीचे गिरकर मौत, जल निगम की लापरवाही पर उठे सवाल
बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र के किसरुआ गांव में शनिवार सुबह एक आवारा सांड निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक पर चढ़ गया। करीब 60 से 70 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सांड को ओवरहेड टैंक की ऊंचाई पर देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। लोगों ने सांड को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए कई प्रयास किए। ग्रामीणों ने सांड को हरा चारा दिखाकर नीचे बुलाने का प्रयास किया। काफी देर बाद सांड नीचे उतरने लगा, लेकिन अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। ऊंचाई से गिरने के कारण सांड गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों और पुलिस की मौजूदगी में मृत सांड को जमीन में दबाने की तैयारी की गई। ग्रामीणों का कहना है कि सांड लंबे समय से गांव में आवारा घूम रहा था। उनका आरोप है कि गांव में गौशाला होने के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने उसे सुरक्षित रखने की कोई व्यवस्था नहीं की।
ग्रामीणों ने जल निगम की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक की सीढ़ियों का रास्ता खुला छोड़ दिया गया था, जिसकी वजह से सांड ऊपर तक पहुंच गया। ग्रामीणों ने इसे बड़ी लापरवाही बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
