उज्जैन में बोहरा समाज की मस्जिद पर चला बुलडोजर, सड़क चौड़ीकरण को लेकर चल रही कार्रवाई
उज्जैन: सिंहस्थ-2028 को लेकर उज्जैन शहर में प्रमुख मार्गों और चौराहों के चौड़ीकरण का काम तेजी से जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को केड़ीगेट चौराहे पर स्थित बोहरा समाज की मस्जिद पर प्रशासन की कार्रवाई देखने को मिली। चौड़ीकरण की जद में आ रही कमरुबाग मस्जिद को हटाने का काम शुरू किया गया है। कार्रवाई के दौरान मौके पर दो बुलडोजर लगाए गए थे। इसके साथ ही उज्जैन नगर निगम और पुलिस प्रशासन का अमला भी तैनात रहा है। प्रशासन की मौजूदगी में मस्जिद के हिस्से को हटाने की कार्रवाई की गई है। सब कुछ शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया।
सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों को यातायात की दृष्टि से सुगम और चौड़ा करने की योजना पर काम चल रहा है। चौड़ीकरण की जद में आने वाले धार्मिक स्थलों को हटाने की कार्रवाई लगातार की जा रही है। इससे पहले भी शहर के अलग-अलग हिस्सों में मंदिर, मस्जिद और दरगाहों को हटाने की कार्रवाई सामने आ चुकी है।
प्रशासन का फोकस आगामी सिंहस्थ के दौरान उज्जैन शहर में बढ़ने वाले श्रद्धालुओं और वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर है। कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस बल को भी मौके पर तैनात रखा गया है। हालांकि समाजजनों ने विरोध किया था लेकिन समझाइश के बाद कार्रवाई शुरू कर दी गई।
वहीं, केडी गेट चौराहा पर मदीना मस्जिद का भी कुछ हिस्सा हटाना है। बुलडोजर कार्रवाई के पहले मुस्लिम समाज जनों ने प्रशासन से निवेदन किया कि मस्जिद के जिस हिस्से पर कार्रवाई होना है, उसे वह खुद स्वेच्छा से हटा रहे हैं और दो दिन का समय मांगा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि अतिक्रमण की इस कार्रवाई पर नगर निगम की मांग पर डीएसपी की मौजूदगी में थाना जीवाजीगंज, थाना पंवासा और थाना चिमनगंज का बल तैनात किया गया है। इसके अलावा रिजर्व बल भी लगाया गया है। शुरू में कुछ विरोध देखने को मिला था। निगम अधिकारियों की समझाइश के बाद लोगों को शांत करवाया गया।
वहीं, नगर निगम के भवन अधिकारी राजकुमार राठौर ने कहा कि यह केडी गेट चौराहा है। इसकी चौड़ाई 18 मीटर है जो कि नगर निगम द्वारा कार्य किया जा रहा है। यहां चौराहा का विकास किया जाएगा। बोहरा समाज की मस्जिद का 20 फिट हिस्सा हटाया गया है। वहीं, दूसरी मदीना मस्जिद का 5 फीट हिस्सा हटाया जा रहा है। इस कार्रवाई को लेकर पहले ही नोटिस दिए जा चुके हैं।
