CG : भाजपा नेता के भाई की दुकान पर चला बुलडोजर, दुर्ग में अफीम की खेती मामले में एक्शन, अवैध कब्जा हटाया
दुर्ग जिले के जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र के ग्राम समोदा में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। अफीम की खेती के मुख्य आरोपी विनायक ताम्रकार के भाई बृजेश ताम्रकार की अवैध दुकान पर बुलडोजर चलाया गया। तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस टीम की मौजूदगी में यह कार्रवाई की जा रही है। मौके पर पुलिस बल तैनात है। इससे पहले अफीम खेती मामले में पुलिस भाजपा नेता विनायक ताम्रकार समेत दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। प्रशासन की इस कार्रवाई को मामले में सरकार की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है।
बता दें कि दुर्ग जिले के समोदा और झेनझरी गांव में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के खेत से अफीम के पौधे उखाड़ लिए गए हैं। पुलिस ने 4 ट्रैक्टर फसल जब्त किया है। अब इसे नष्ट करने की तैयारी की जा रही है। ऐसे में पर्यावरण विभाग से अनुमति मांगी गई है, परमिशन मिलते ही अफीम को नष्ट कर दिया जाएगा। मामला जेवरा सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र का है। पुलिस ने करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन पर लगी अफीम की फसल को पूरी तरह उखाड़ दिया है, जिनका कुल वजन लगभग 62 हजार किलो है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ 88 लाख रुपए आंकी गई है। फसल को चार ट्रैक्टर में भरकर सुरक्षित स्थान पर रखा गया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि अफीम के खेत की सुरक्षा के लिए शिवनाथ नदी की ओर लगी फेंसिंग में गेट के पास करंट वाले तार जोड़े गए थे। इसका मकसद खेत में किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश को रोकना था। खेत के बाहर सामने की ओर सुरक्षा के लिए बाउंसर भी तैनात किए गए थे।
दरअसल, पुलिस ने 6 मार्च को खेत में रेड मारकर कार्रवाई शुरू की। 10 मार्च तक सभी पौधों को उखाड़कर बोरी में भर लिया गया। बाद में इन्हें ट्रैक्टर में लोड कर सुरक्षित जगह पहुंचाया गया। शुरुआत में खेत की सुरक्षा के लिए ट्रेनिंग में आए जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी।
फसल की मात्रा ज्यादा होने पर बुलडोजर लगाया गया। मनरेगा के मजदूरों को भी काम में लगाया गया। करीब 5 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में लगी पूरी अफीम फसल हटाई गई। अनुमति मिलने के बाद पैनल की मौजूदगी में पूरी फसल नष्ट की जाएगी।
मामले में पुलिस ने भाजपा नेता विनायक ताम्रकर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो आरोपी अभी फरार हैं। फरार आरोपियों के मोबाइल फोन बंद होने से लोकेशन ट्रेस करने में दिक्कत आ रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
