बुमराह इंग्लैंड में सबसे ज्यादा वनडे विकेट लेने वाले भारतीय
भारत ने पहले वनडे में इंग्लैंड को 6 विकेट से हरा दिया। बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में जसप्रीत बुमराह ने वनडे में अपने 150 विकेट पूरे किए। इसके साथ ही वह इंग्लैंड में सबसे ज्यादा वनडे विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए। मैच के दौरान कई दिलचस्प नजारे भी देखने को मिले। इंग्लैंड की पारी में जोस बटलर का कैच लेने की कोशिश में शुभमन गिल और गुरनूर बरार आपस में टकरा गए। वहीं, भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी मैच देखने पहुंचे। स्टैंड्स में उनका एक नन्हें फैन के साथ बैठकर पॉपकॉर्न खाते हुए वीडियो वायरल हो गया।
बुमराह इंग्लैंड में सबसे ज्यादा वनडे विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने बर्मिंघम में एक विकेट लिया। इसके साथ ही इंग्लैंड में उनके 31 विकेट हो गए हैं। उन्होंने रवींद्र जडेजा का रिकॉर्ड तोड़ा। जडेजा ने 30 विकेट लिए हैं। बुमराह वनडे में सबसे कम गेंद पर 150 विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय बने। उन्होंने 4605 गेंदों में 150 विकेट पूरे किए। पहले स्थान पर मोहम्मद शमी है। उन्होंने 4070 गेंद में 150 विकेट लिए थे। कुलदीप यादव 4513 गेंद के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
डॉसन वनडे में पहली फिफ्टी लगाने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज इंग्लिश खिलाड़ी बन गए। उन्होंने 36 साल 135 दिन की उम्र में 68 रन की पारी खेली। इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा उम्र में पहली फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड ज्योफ्री बॉयकॉट के नाम है। उन्होंने 38 साल 245 दिन की उम्र में ऐसा किया था।
