छत्तीसगढ़-आंध्रप्रदेश-बॉर्डर पर घाटी से गिरी बस, 9 यात्रियों की मौत, सड़क पर बिखरे शव-सामान
छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश की सीमा पर स्थित मारेडमिल्ली घाटी में एक यात्री बस के पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए भद्राचलम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। यह हादसा मारेडमिल्ली थाना क्षेत्र में हुआ। जानकारी के अनुसार, बस में करीब 40 यात्री सवार थे। 12 दिसंबर की सुबह यह बस अरकू से रायलासीमा चिंतूर की ओर जा रही थी। रास्ते में घाटी के मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।
घटनास्थल से मिले वीडियो और तस्वीरों में देखा गया कि बस घाटी से नीचे गिरकर घनी झाड़ियों में फंसी हुई थी। कई यात्री सड़क पर गिर पड़े थे और उनके सामान सड़क पर बिखरे हुए मिले। रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। ASR जिला कलेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना चिंटूरू और भद्राचलम के बीच घाट रोड पर हुई। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में लगा हुआ है, जबकि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है
